Kosi Live-कोशी लाइव सहरसा में बड़ा एक्शन: 25 हजार का इनामी अपराधी संजय सादा गिरफ्तार, हथियार बरामद - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Sunday, April 19, 2026

सहरसा में बड़ा एक्शन: 25 हजार का इनामी अपराधी संजय सादा गिरफ्तार, हथियार बरामद

हेडलाइन:
सहरसा में बड़ा एक्शन: 25 हजार का इनामी अपराधी संजय सादा गिरफ्तार, हथियार बरामद

सहरसा पुलिस और एटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में 25 हजार रुपये के इनामी कुख्यात अपराधी संजय सादा को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उसके पास से एक देसी कट्टा और सात जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। साइबर डीएसपी अजीत कुमार ने रविवार शाम प्रेस वार्ता में इसकी पुष्टि की।

जानकारी के अनुसार, 19 अप्रैल 2026 की सुबह चिड़ैया थाना क्षेत्र में गुप्त सूचना मिली थी कि कनरिया थाना के कई मामलों में फरार चल रहा संजय सादा रैठी/बेलाही स्थित एक किराना दुकान के पास मौजूद है। सूचना मिलते ही एसटीएफ और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम गठित कर इलाके की घेराबंदी की गई और आरोपी को मौके से धर दबोचा गया।

तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक देसी कट्टा मिला, जिसमें एक जिंदा कारतूस लोड था। इसके अलावा एक काले रंग की बिनडोलिया से छह अन्य जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए। पुलिस ने सभी हथियार जब्त कर लिए हैं और चिड़ैया थाने में आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

पुलिस के अनुसार, सोनवर्षा मुसहरी निवासी संजय सादा गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, रंगदारी, चोरी, आर्म्स एक्ट और मद्यनिषेध अधिनियम समेत कुल आठ गंभीर मामले दर्ज हैं।

अधिकारियों ने बताया कि जनवरी से अप्रैल 2026 तक चलाए गए विशेष अभियान के तहत अब तक 12 इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि लगातार दबिश के कारण 7 अभियुक्तों ने न्यायालय में आत्मसमर्पण किया है। इस ऑपरेशन में थानाध्यक्ष इंद्रजीत कुमार तांती समेत एसटीएफ और पुलिस बल के जवान शामिल रहे।