सुपौल के निर्मली में फोटो स्टूडियो पर बड़ी छापेमारी, एक हिरासत में, संचालक फरार
बैंक ऑफ इंडिया शाखा के पास स्थित संगम स्टूडियो में प्रशासन-पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
सुपौल जिले के निर्मली शहर में शनिवार शाम प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने बैंक ऑफ इंडिया निर्मली शाखा के पास स्थित एक फोटो स्टूडियो पर बड़ी छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान स्टूडियो से कई डिजिटल उपकरण जब्त किए गए। मौके से संगम स्टूडियो के एक स्टाफ ललन कुमार को हिरासत में लिया गया है।
वहीं, स्टूडियो के मुख्य संचालक मनीष कुमार चौधरी और उनके सहयोगी राजा कुमार फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस दोनों की तलाश में जुट गई है।
फर्जी दस्तावेज और साइबर अपराध से जुड़े होने की चर्चा
स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि उक्त स्टूडियो कथित तौर पर साइबर अपराध से जुड़ा हुआ था। आरोप है कि यहां एक संगठित गिरोह फर्जी दस्तावेज तैयार करने, आधार कार्ड बनाने तथा अन्य अवैध कार्यों में संलिप्त था। हालांकि प्रशासन की ओर से अभी तक छापेमारी के सटीक कारणों का आधिकारिक खुलासा नहीं किया गया है।
निर्मली के एसडीएम धीरज कुमार सिन्हा ने बताया कि छापेमारी के दौरान कुछ महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए गए हैं। इन साक्ष्यों की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पांच गाड़ियों में पहुंची थी टीम
छापेमारी टीम का नेतृत्व निर्मली के एसडीएम धीरज कुमार सिन्हा और सुपौल के साइबर डीएसपी गौरव गुप्ता ने किया। टीम में बीपीआरओ गौरव कुमार, बीएसओ रामलाल पासवान, निर्मली थाना के पुलिस पदाधिकारी तथा सशस्त्र बल शामिल थे।
करीब पांच गाड़ियों में पहुंची टीम ने स्टूडियो को चारों तरफ से घेर लिया और घंटों तक गहन तलाशी अभियान चलाया।
इलाके में चर्चा का विषय बनी कार्रवाई
दिनदहाड़े हुई इस बड़ी कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई और पूरे शहर में इस छापेमारी की चर्चा होती रही।