हेडलाइन:
सहरसा स्टेडियम विस्तार को लेकर अतिक्रमण पर चलेगा बुलडोजर, 125 परिवार प्रभावित, पुनर्वास की तैयारी
खबर:
सहरसा स्टेडियम के प्रस्तावित विस्तार को लेकर जिला प्रशासन शुक्रवार सुबह से अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू करने जा रहा है। गुरुवार शाम जिलाधिकारी दीपेश कुमार, सदर एसडीएम श्रेयांश तिवारी, नगर निगम आयुक्त प्रभात कुमार झा और सदर एसडीपीओ आलोक कुमार ने स्थल का निरीक्षण कर अभियान की रूपरेखा तय की।
नगर निगम आयुक्त प्रभात कुमार झा ने बताया कि स्टेडियम के आसपास बड़ी संख्या में झुग्गी-झोपड़ियां और अस्थायी दुकानें हैं, जिन्हें विकास कार्य के लिए हटाना जरूरी है। उन्होंने जानकारी दी कि इस क्षेत्र में करीब 77 महादलित परिवार रह रहे हैं, जिनके पुनर्वास के लिए नगर निगम गंभीर है और प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
प्रशासन के आकलन के अनुसार सत्तर कटैया प्रखंड के अंचलाधिकारी द्वारा कुल 125 प्रभावित परिवारों की सूची तैयार की गई है। अभियान के पहले चरण में अवैध दुकानों को हटाया जाएगा, इसके बाद झुग्गी-झोपड़ियों को खाली कराया जाएगा। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती भी की जाएगी।
नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि दलित परिवारों को तत्काल नहीं हटाया जाएगा, बल्कि उन्हें वैकल्पिक व्यवस्था के लिए 10 से 15 दिनों का समय दिया जाएगा। पुनर्वास योजना के तहत इन परिवारों को नगर निगम द्वारा निर्धारित स्थान पर बसाया जाएगा।
अतिक्रमण हटाने के बाद स्टेडियम परिसर की घेराबंदी (बाउंड्री वॉल) की जाएगी, ताकि भविष्य में दोबारा कब्जा न हो सके। जिला प्रशासन का कहना है कि यह कदम शहर के विकास और खेल सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक है।