हेडलाइन:
भारत-नेपाल सीमा पर SSB की बड़ी कार्रवाई: नेपाली मुद्रा और शराब के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार
खबर:
सुपौल के भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सशस्त्र सीमा बल (SSB) की 45वीं वाहिनी, बीरपुर ने नेपाली मुद्रा और नेपाली शराब के साथ तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई विभिन्न सीमा चौकियों द्वारा चलाए गए विशेष अभियान के दौरान की गई।
45वीं वाहिनी के कमांडेंट गौरव सिंह ने बताया कि सीमा क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए SSB लगातार निगरानी और सघन चेकिंग अभियान चला रही है। इसी क्रम में गुप्त सूचना के आधार पर सीमा चौकी सतना के जिम्मेदारी क्षेत्र में सीमा स्तंभ संख्या 203/3 के पास नेपाली मुद्रा की तस्करी की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर इलाके में विशेष जांच अभियान चलाया गया।
जांच के दौरान नेपाल से भारत की ओर आ रहे एक संदिग्ध व्यक्ति को रोका गया। पूछताछ में उसने अपना नाम अरविन्द कुमार दहिया, निवासी हरिपुर, जिला सुनसरी (नेपाल) बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से 2 लाख 36 हजार 210 रुपये की नेपाली मुद्रा बरामद की गई। बरामद राशि के संबंध में वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद SSB ने राशि को जब्त कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए कस्टम कार्यालय भीमनगर को सुपुर्द कर दिया।
वहीं दूसरी कार्रवाई में सीमा चौकी बैनालीपट्टी के जवानों ने विशेष पेट्रोलिंग के दौरान नेपाल से भारत आ रहे एक मोटरसाइकिल सवार दो युवकों को संदेह के आधार पर रोका। पूछताछ में उनकी पहचान अजीत कुमार दास, निवासी लालगंज, जिला पूर्णिया तथा राजू कुमार, निवासी बनैलीपट्टी, जिला सुपौल के रूप में हुई।
दोनों के बैग की तलाशी लेने पर दिलवाले ब्रांड की 60 बोतल नेपाली शराब (कुल 18 लीटर) बरामद की गई। इसके बाद शराब, मोटरसाइकिल और दोनों आरोपियों को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के तहत थाना बीरपुर को सौंप दिया गया। इस अभियान में सहायक उप निरीक्षक संतोष कुमार यादव, सहायक उप निरीक्षक नंदलाल सहित अन्य SSB जवान शामिल थे।