हेडलाइन:
CM की ‘समृद्धि यात्रा’ में लापरवाही पड़ी भारी: सुपौल BDO कृष्णा कुमारी पद से हटाई गईं
सुपौल: मुख्यमंत्री के प्रस्तावित ‘समृद्धि यात्रा’ कार्यक्रम की तैयारियों में लापरवाही बरतने के आरोप में सुपौल की प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) कृष्णा कुमारी को उनके पद से हटा दिया गया है। इस संबंध में जिलाधिकारी सावन कुमार ने आदेश जारी किया है।
जारी आदेश के अनुसार कृष्णा कुमारी को तत्काल प्रभाव से सुपौल बीडीओ के कार्य दायित्व से मुक्त करते हुए जिला ग्रामीण विकास अभिकरण (डीआरडीए) सुपौल में प्रतिनियुक्त किया गया है। वहीं छातापुर प्रखंड के ग्रामीण विकास पदाधिकारी प्रवीण कुमार रजक को सुपौल प्रखंड के बीडीओ का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
10 मार्च को ‘समृद्धि यात्रा’ पर रहेंगे CM
मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग, बिहार पटना से मिली जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री का 10 मार्च 2026 को सुपौल जिले में भ्रमण कार्यक्रम निर्धारित है। इस ‘समृद्धि यात्रा’ को लेकर जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को व्हाट्सएप के माध्यम से मुख्यालय में उपस्थित रहकर संबंधित कार्यों को पूरा करने का निर्देश दिया था।
बिना सूचना मुख्यालय से मिली अनुपस्थित
जिलाधिकारी द्वारा जारी आदेश में बताया गया है कि 8 मार्च को एक आवश्यक कार्य के लिए सुपौल बीडीओ कृष्णा कुमारी की तलाश की गई, लेकिन वह बिना किसी पूर्व सूचना के मुख्यालय से अनुपस्थित पाई गईं। प्रशासन का मानना है कि उनकी अनुपस्थिति से मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से जुड़े कार्यों में बाधा उत्पन्न हुई।
कार्यों में नहीं ले रही थीं रुचि
डीएम ने अपने आदेश में यह भी उल्लेख किया है कि बीडीओ कृष्णा कुमारी ‘समृद्धि यात्रा’ से संबंधित कार्यों में अपेक्षित रुचि नहीं ले रही थीं, जिससे कार्यक्रम की तैयारियों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका थी। कार्य की गंभीरता को देखते हुए यह प्रशासनिक कार्रवाई की गई है।