हेडलाइन:
सुपौल में महिला टीचर की संदिग्ध मौत: घर के बेड पर मिला शव, गर्दन पर गहरे निशान; पति-पत्नी पढ़ाते थे ट्यूशन
खबर:
सुपौल जिले में एक महिला टीचर की संदिग्ध परिस्थिति में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र के नगर परिषद वार्ड संख्या 17 स्थित लालपट्टी में महिला का शव घर के कमरे में बेड पर मिला। मृतका की पहचान जदिया थाना क्षेत्र के मानगंज पश्चिम निवासी रौशन कुमार की पत्नी उषा कुमारी (27) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, रौशन कुमार अपनी पत्नी और बच्चों के साथ त्रिवेणीगंज के लालपट्टी में बिस्कोमान के पास घर बनाकर रहते थे। पति-पत्नी अपने घर के दरवाजे पर ही बच्चों को ट्यूशन पढ़ाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे और आसपास के लोगों के बीच सामान्य जीवन जी रहे थे।
शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे पड़ोसी किसी काम से उषा कुमारी के घर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने देखा कि उषा कुमारी कमरे के अंदर बेड पर अचेत अवस्था में पड़ी हुई हैं, जबकि उनके पति घर पर मौजूद नहीं थे। इसके बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत त्रिवेणीगंज थाना पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष राकेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में मृतका के गर्दन पर गहरे निशान पाए गए हैं, जो प्रथम दृष्टया फांसी की ओर इशारा कर रहे हैं। हालांकि जिस कमरे में शव मिला, उसके बगल वाले कमरे में मृतका के हाथों की कई चूड़ियां टूटी हुई और बिखरी पड़ी मिली हैं, जिससे मामला संदिग्ध हो गया है।
घटना की जानकारी मिलते ही त्रिवेणीगंज के SDPO विभाष कुमार भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी बुलाया जा रहा है।
फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। वहीं घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।