Kosi Live-कोशी लाइव SUPAUL:सुपौल पुलिस की बड़ी कामयाबी: 548 कार्टन विदेशी शराब जब्त, दो गिरफ्तार - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Tuesday, March 3, 2026

SUPAUL:सुपौल पुलिस की बड़ी कामयाबी: 548 कार्टन विदेशी शराब जब्त, दो गिरफ्तार

सुपौल: जिले में नशा के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सुपौल पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सुपौल जिले के किशनपुर थाना क्षेत्र में एनएच-27 पर वाहन चेकिंग के दौरान भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की गई है। इस कार्रवाई में दो तस्करों को मौके से गिरफ्तार किया गया है।

 

जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चल रहे अभियान के क्रम में सोमवार को मद्य निषेध विभाग, पटना से मिली गुप्त सूचना के आधार पर चौकी महादेव के समीप सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक संदिग्ध पिकअप वैन को रोका गया। तलाशी लेने पर वाहन से कुल 548 कार्टन विदेशी शराब बरामद की गई।

 

जब्त शराब में 5099 बोतल और 17,280 टेट्रा पैक (फ्रूटी) शामिल हैं। बरामद शराब की कुल मात्रा लगभग 4785.465 लीटर बताई जा रही है। पुलिस ने वाहन से दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं, जिन्हें जांच के लिए सुरक्षित रखा गया है।

 

गिरफ्तार तस्करों की पहचान मो. मोनिक और रहनवाज आलम के रूप में हुई है। दोनों उत्तर दिनाजपुर जिला, पश्चिम बंगाल के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की यह खेप कहां से लाई जा रही थी और इसकी आपूर्ति किस स्थान पर की जानी थी।

 

इस संबंध में किशनपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट कहा है कि राज्य में लागू शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू किया जाएगा और शराब तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

 

अधिकारियों के अनुसार, नशा के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और अवैध कारोबार में लिप्त लोगों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।