हेडलाइन:
सौर बाजार में प्रीति देवी हत्याकांड: एक साल बाद भी दो आरोपी फरार, न्याय के लिए भटक रहा परिवार
सहरसा। सौर बाजार थाना क्षेत्र के कांप पश्चिमी में हुए प्रीति देवी हत्याकांड में एक साल से अधिक समय बीत जाने के बावजूद दो नामजद अभियुक्तों की गिरफ्तारी नहीं होने से पीड़ित परिवार न्याय के लिए दर-दर भटक रहा है। मृतका की भाभी ने पुलिस अधीक्षक (एसपी) को आवेदन देकर शेष आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
यह घटना पिछले वर्ष 1 जुलाई की है। आरोप है कि दहेज के लालच में पति और ननद ने मिलकर गर्भवती प्रीति देवी का एक निजी क्लिनिक में जबरन गर्भपात कराया। गर्भपात के बाद हालत बिगड़ने पर उसे सहरसा रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
मामले में मृतका की भाभी सीता देवी (पत्नी राहुल यादव) ने प्राथमिकी दर्ज कराते हुए पति सरोज पंजीयार, ननद मुन्नी देवी और एक अन्य आरोपी मिस्टर यादव को नामजद किया था। पुलिस ने अब तक केवल सरोज पंजीयार को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य दो आरोपी अब भी फरार हैं।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि पुलिस मामले में लापरवाही बरत रही है। मृतका के परिजन अपने दो मासूम बच्चों के साथ लगातार अधिकारियों के चक्कर काट रहे हैं और न्याय की गुहार लगा रहे हैं।
इस संबंध में एसपी हिमांशु कुमार ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है और मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।