हेडलाइन:
एलएंडटी फाइनेंस कर्मी से लूट मामले में दूसरा बदमाश गिरफ्तार, एक अब भी फरार
खबर:
सिमरी बख्तियारपुर. बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के टेंगराहा गांव के समीप 10 जनवरी को एलएंडटी फाइनेंस कंपनी के कर्मी से हुई लूट की घटना में बख्तियारपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने इस मामले में एक अप्राथमिकी अभियुक्त पुतुल कुमार को शुक्रवार देर शाम गिरफ्तार कर लिया है। वहीं इससे पहले पुलिस एक अन्य अभियुक्त छोटू कुमार को भी गिरफ्तार कर चुकी है।
मिली जानकारी के अनुसार खगड़िया जिला के महेशखूंट निवासी गुड्डू कुमार एलएंडटी फाइनेंस कंपनी में कर्मी हैं। वे 10 जनवरी को प्रतिदिन की तरह विभिन्न गांवों से कलेक्शन कर सिमरी बख्तियारपुर ब्रांच लौट रहे थे। इसी दौरान टेंगराहा गांव से कुछ दूरी आगे बांसवाड़ी के समीप एक स्प्लेंडर बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने उन्हें रोक लिया।
आरोप है कि दो बदमाशों ने उनका हाथ पकड़ लिया, जबकि तीसरे बदमाश ने हथियार का भय दिखाकर उनके पैंट की जेब से 49,300 रुपये छीन लिए और फरार हो गया।
घटना के बाद पीड़ित कर्मी ने बख्तियारपुर थाना में मामला दर्ज कराया, जिसके बाद पुलिस लगातार बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने घटना में शामिल दूसरे अभियुक्त पुतुल कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया।
इस संबंध में थानाध्यक्ष अमरनाथ कुमार ने बताया कि लूट कांड में छापेमारी कर दूसरे आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार अभियुक्त को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर न्यायालय भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि घटना में शामिल एक अन्य बदमाश अभी भी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।