पूर्णियां में बीजेपी झंडा लगी कार का कहर: युवक को रौंदा, GMCH में भर्ती; चालक फरार
पूर्णिया। शहर के सहायक खजांची थाना क्षेत्र स्थित टैक्सी स्टैंड रोड पर तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे खड़े एक युवक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे आनन-फानन में (GMCH) में भर्ती कराया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एतियाना बस स्टैंड से आगे सड़क किनारे एक युवक पैदल गुजर रहा था। इसी दौरान टैक्सी स्टैंड की ओर से आ रही व्हाइट कलर की फोर्ड कार तेज रफ्तार में अनियंत्रित हो गई। पहले कार ने सत्यनारायण उमा सदन नामक घर की बाउंड्री वॉल में जोरदार टक्कर मारी, जिससे दीवार क्षतिग्रस्त हो गई और कार का अगला हिस्सा बुरी तरह टूट गया।
इसके बाद भागने की कोशिश में कार ने कुछ दूरी पर सड़क किनारे चल रहे युवक को रौंद दिया। घटना के बाद भीड़ जुटती देख चालक मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलते ही सहायक खजांची थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कार को जब्त कर थाने ले गई। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।