हेडलाइन:
चौसा में युवक की गोली मारकर हत्या, डीजल लेने निकला था दिलखुश
कॉपी:
चौसा (मधेपुरा)। चौसा थाना क्षेत्र की घोषई पंचायत में एसएच-58 पर बुधवार रात करीब 8:30 बजे बाइक सवार बदमाशों ने एक युवक को गोली मार दी। गोली युवक की पीठ में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसकी हालत नाजुक बनी रही।
घायल की पहचान रसलपुर धुरिया पंचायत के धुरिया गोठ वार्ड संख्या-9 निवासी नंदकिशोर यादव के 25 वर्षीय पुत्र दिलखुश कुमार के रूप में हुई। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से उसे चौसा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जननायक कर्पूरी ठाकुर मेडिकल कॉलेज, मधेपुरा रेफर कर दिया गया। अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों के अनुसार, दिलखुश कुमार घर से नई मोटरसाइकिल पर डीजल लेने निकला था। घोषई स्थित पंकज होटल के सामने तीन बाइक सवार बदमाशों ने ओवरटेक कर उसे गोली मार दी। घटना के वक्त वह मोबाइल पर बात कर रहा था। गोली लगते ही वह सड़क पर गिर पड़ा।
परिजनों ने बताया कि दिलखुश का किसी से कोई विवाद या दुश्मनी नहीं थी, जिससे हत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। थानाध्यक्ष रवि कुमार पासवान ने बताया कि जल्द ही अपराधियों को पकड़ लिया जाएगा।