घर से 7 साल के बच्चे को उठाकर भाग रहा था चोर, मां के शोर मचाते ही छोड़कर फरार; गांव में मची अफरातफरी
मधेपुरा जिले के कुमारखंड प्रखंड के श्रीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत मंगरवारा पंचायत में बच्चा चोरी की कोशिश का मामला सामने आया है। रविवार की रात एक अज्ञात व्यक्ति सात वर्षीय बच्चे को उठाकर भागने लगा, लेकिन मां के शोर मचाने पर वह बच्चे को छोड़कर फरार हो गया।
घटना पंचायत के रहमतगंज वार्ड संख्या पांच की है। जानकारी के अनुसार पूर्व उपमुखिया मुस्तफा अंसारी का सात वर्षीय नाती आसिफ (पिता आजाद) अन्य बच्चों के साथ घर में सो रहा था। इसी दौरान उसकी मां निकहत प्रवीण घर का दरवाजा बंद कर मस्जिद में नमाज पढ़ने चली गई थीं।
नमाज पढ़कर जब वह घर लौटीं तो देखा कि एक अज्ञात व्यक्ति उनके सात वर्षीय बेटे आसिफ को गोद में उठाकर ले जा रहा है। यह देखते ही उन्होंने जोर-जोर से शोर मचाना शुरू कर दिया। महिला की आवाज सुनकर आसपास के लोग जुटने लगे। खुद को घिरता देख बच्चा चोर आसिफ को वहीं छोड़कर फरार हो गया।
घटना की सूचना पूर्व उपमुखिया मुस्तफा अंसारी ने श्रीनगर थाना को दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष राघवेंद्र नारायण पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली।
थानाध्यक्ष ने परिजनों और ग्रामीणों को बच्चों के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि यदि गांव में कोई संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दे तो तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।