हेडलाइन:
गौशाला की आड़ में पशु तस्करी का बड़ा खेल, कटिहार में मुखिया गिरफ्तार
बिहार के कटिहार जिले में गौशाला की आड़ में चल रहे पशु तस्करी के बड़े रैकेट का खुलासा हुआ है। आजमनगर थाना क्षेत्र के बेरिया चांदपुर गांव के मुखिया मोहम्मद महबूब को पुलिस ने गिरफ्तार किया है, जिसे इस पूरे नेटवर्क का मास्टरमाइंड बताया जा रहा है।
जांच में सामने आया है कि आरोपी ने ‘SPCA’ (Society for Prevention of Cruelty to Animals) के नाम पर सोसाइटी बनाकर जब्त मवेशियों को गौशाला में रखने की जिम्मेदारी ली थी। आरोप है कि बाद में इन्हीं मवेशियों को अवैध रूप से बेचकर तस्करी की जा रही थी।
पुलिस को गुप्त सूचना मिलने पर जब टीम ने गौशाला में छापेमारी की, तो रिकॉर्ड में दर्ज 270 मवेशियों के मुकाबले मौके पर सिर्फ 155 मवेशी ही पाए गए। संचालक के पास न तो जरूरी दस्तावेज मिले और न ही गायब पशुओं को लेकर कोई स्पष्ट जवाब मिल सका।
प्राथमिक जांच में यह बात सामने आई है कि जब्त मवेशियों को जिम्मेनामा पर लेकर संगठित तरीके से उनकी तस्करी की जा रही थी। सीमांचल क्षेत्र पहले से ही पशु तस्करी के लिए संवेदनशील माना जाता रहा है, जहां से मवेशियों को पश्चिम बंगाल के रास्ते बांग्लादेश भेजे जाने की आशंका जताई जाती रही है।
कटिहार के एसपी शिखर चौधरी ने आरोपी की गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि मोहम्मद महबूब पर पहले से ही करीब आठ मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।