Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:दरोगा की गिरफ्तारी के बाद पिता की उठेगी अर्थी':पुलिस ने पापा को गोली मारी”: बेटे का आरोप, पप्पू यादव से लिपटकर रोई बेटी - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Thursday, March 19, 2026

BIHAR:दरोगा की गिरफ्तारी के बाद पिता की उठेगी अर्थी':पुलिस ने पापा को गोली मारी”: बेटे का आरोप, पप्पू यादव से लिपटकर रोई बेटी

मुजफ्फरपुर में पुलिस-ग्रामीण झड़प: बुजुर्ग की मौत पर बवाल, दरोगा की गिरफ्तारी तक अंतिम संस्कार से इनकार

मुजफ्फरपुर। जिले के गायघाट थाना क्षेत्र के असिया गांव में मंगलवार देर रात पुलिस और ग्रामीणों के बीच हुई हिंसक झड़प में 55 वर्षीय जगवीर राय की गोली लगने से मौत हो गई। घटना के बाद गांव में जबरदस्त आक्रोश है। परिजनों ने साफ कर दिया है कि जब तक आरोपी दरोगा की गिरफ्तारी नहीं होगी, तब तक वे अंतिम संस्कार नहीं करेंगे।

“गिरफ्तारी से पहले नहीं उठेगी अर्थी”

मृतक के बेटे अविनाश कुमार ने आरोप लगाया कि छापेमारी के दौरान थानाध्यक्ष राजा सिंह ने उनके पिता के सीने में गोली मारी। उन्होंने कहा, “जब तक दरोगा की गिरफ्तारी नहीं होगी, हम पिता का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे।”
परिवार के इस फैसले के कारण गांव के करीब 15 परिवारों में 24 घंटे से चूल्हा नहीं जला है और माहौल पूरी तरह शोक व गुस्से में डूबा है।

पप्पू यादव पहुंचे, बेटी लिपटकर रोई

गुरुवार सुबह पूर्णिया सांसद पप्पू यादव पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। इस दौरान मृतक की बेटी उनसे लिपटकर रोने लगी, जिसे देख सांसद भी भावुक हो गए।
पप्पू यादव ने आरोपी थानाध्यक्ष की गिरफ्तारी की मांग करते हुए कहा कि वे इस मुद्दे को लोकसभा में उठाएंगे, हाईकोर्ट में याचिका दायर करेंगे और जरूरत पड़ी तो आंदोलन भी करेंगे।

क्या है पूरा मामला

जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम पॉक्सो एक्ट के एक आरोपी को गिरफ्तार करने असिया गांव पहुंची थी। आरोपी के नहीं मिलने पर जब पुलिस ने एक अन्य संदिग्ध को हिरासत में लेने की कोशिश की, तो ग्रामीणों ने विरोध शुरू कर दिया।
देखते ही देखते विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। पुलिस पर पथराव और हमला हुआ, जिसके बाद पुलिस ने हवाई फायरिंग की। इसी दौरान गोली लगने से जगवीर राय की मौत हो गई।

परिजनों का आरोप

मृतक के बड़े बेटे अजय कुमार ने आरोप लगाया कि पुलिस बिना वारंट उनके घर में घुसी और उन्हें जबरन ले जाने लगी। विरोध करने पर पुलिस ने फायरिंग की। उनका दावा है कि पहले उन पर और उनकी बेटी पर गोली चलाई गई, बाद में उनके पिता को निशाना बनाकर गोली मारी गई।

पुलिस का पक्ष

पुलिस का कहना है कि टीम पर ग्रामीणों ने हमला किया था और हालात बेकाबू होने पर आत्मरक्षा में फायरिंग की गई। पुलिस के मुताबिक, ग्रामीणों की ओर से भी गोलीबारी हुई।
अधिकारियों ने बताया कि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि मृतक को किसकी गोली लगी। मामले की जांच जारी है।

इलाके में तनाव, भारी पुलिस बल तैनात

घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर जाम भी किया। उग्र भीड़ ने पुलिस की दो गाड़ियों में तोड़फोड़ कर दी।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कई थानों की पुलिस, डीएसपी और ग्रामीण एसपी मौके पर कैंप कर रहे हैं। पूरे इलाके में फ्लैग मार्च किया जा रहा है।

प्रशासन की कार्रवाई

मामले में थानाध्यक्ष राजा सिंह को लाइन हाजिर कर दिया गया है। साथ ही परिजनों के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोषियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।