Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:होली की रात खून-खराबा: तीन दोस्तों को मारी गोली, दो की मौत; एक पटना रेफर - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Thursday, March 5, 2026

BIHAR:होली की रात खून-खराबा: तीन दोस्तों को मारी गोली, दो की मौत; एक पटना रेफर

 होली की रात खून-खराबा: तीन दोस्तों को मारी गोली, दो की मौत; एक पटना रेफर

नवगछिया। होली के रंग के बीच बिहार के नवगछिया इलाके में बुधवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में गोलीबारी की सनसनीखेज घटना सामने आई। अज्ञात बदमाशों ने तीन युवकों को गोली मार दी, जिसमें दो की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

घायल युवक को पहले (मायागंज अस्पताल) में भर्ती कराया गया, जहां से हालत नाजुक देखते हुए उसे पटना रेफर कर दिया गया।

मृतकों की पहचान गुलशन कुमार और धीरज कुमार के रूप में हुई है, जबकि घायल युवक अजेश कुमार बताया जा रहा है। तीनों खगड़िया जिले के पसराहा थाना क्षेत्र के भौरकाठ गांव के रहने वाले और आपस में दोस्त थे।

कलबलिया धार के पास मिले शव

पुलिस के अनुसार, दोनों मृतकों के शव नवगछिया थाना क्षेत्र के तेतरी स्थित कलबलिया धार के पास से बरामद किए गए। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।

परिजनों के मुताबिक, होली के अवसर पर गुलशन कुमार अपनी पत्नी को इस्माइलपुर थाना क्षेत्र के मोरकहिया स्थित ससुराल छोड़ने आया था। इसके बाद तीनों युवक बोरवा गांव गए थे। गुरुवार शाम करीब 4 बजे वहां से निकलने के बाद देर रात तक घर नहीं लौटे।

रातभर खोजबीन के बाद शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे सड़क किनारे दोनों युवकों का शव बरामद हुआ। घायल अजेश कुमार ने परिजनों को फोन कर घटना की जानकारी दी थी।

जांच में जुटी पुलिस, वजह अब तक स्पष्ट नहीं

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। गोलीबारी के पीछे की असली वजह अब तक स्पष्ट नहीं हो सकी है।

होली के मौके पर हुई इस दोहरे हत्याकांड से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और लोग तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं।