हेडलाइन:
पटना में 20 लाख की कोडीन सिरप जब्त: 4 तस्कर गिरफ्तार, पुलिस पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश
खबर:
पटना के पूर्वी इलाके में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गौरीचक थाना क्षेत्र में प्रतिबंधित कफ सिरप की तस्करी के नेटवर्क का खुलासा हुआ है। पुलिस ने करीब 20 लाख रुपए की कोडीन युक्त कफ सिरप जब्त करते हुए 4 तस्करों को गिरफ्तार किया है।
गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने तीन वाहनों—दो स्कॉर्पियो और एक अर्टिगा—को जब्त किया है। तस्कर इन गाड़ियों के जरिए पटना से कटिहार कफ सिरप की खेप भेज रहे थे। अर्टिगा गाड़ी पर जिला महामंत्री अल्पसंख्यक मोर्चा का बोर्ड भी लगा हुआ था।
घेराबंदी के दौरान तस्करों ने पुलिस टीम पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की, लेकिन पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। तत्परता दिखाते हुए पुलिस ने नुकीले अवरोध लगाकर अर्टिगा के पहिए को रोक दिया, जिससे तस्कर भाग नहीं सके।
इस कार्रवाई में मोहम्मद आदिल (31), अनवर आलम (27), बमबम कुमार (24) और करण कुमार (28) को मौके से गिरफ्तार किया गया, जबकि 2-3 अन्य तस्कर भागने में सफल रहे।
पटना पूर्वी एसपी परिचय कुमार ने प्रेस वार्ता में बताया कि कुल 12,050 बोतल प्रतिबंधित कोडीन कफ सिरप बरामद की गई है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि यह सिरप उत्तर प्रदेश के उन्नाव में निर्मित है और वहां से पटना होते हुए अन्य जिलों में सप्लाई की जा रही थी।
फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है और गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर मुख्य सरगना तक पहुंचने के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।