Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:अंतरजिला चोरी गिरोह का भंडाफोड़: दो कुख्यात चोर गिरफ्तार, 2 लाख की संपत्ति बरामद - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Friday, March 20, 2026

BIHAR:अंतरजिला चोरी गिरोह का भंडाफोड़: दो कुख्यात चोर गिरफ्तार, 2 लाख की संपत्ति बरामद

हेडलाइन:
किशनगंज में अंतरजिला चोरी गिरोह का भंडाफोड़: दो कुख्यात चोर गिरफ्तार, 2 लाख की संपत्ति बरामद

किशनगंज। जिले में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरजिला चोरी गिरोह का पर्दाफाश किया है। बुधवार शाम पुलिस ने दो कुख्यात आरोपितों को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपितों की पहचान अंकित राय उर्फ बाबू और शिव शर्मा उर्फ राजा शर्मा के रूप में हुई है, जो धर्मगंज मझिया रोड के रहने वाले हैं।

एसडीपीओ वन गौतम कुमार ने गुरुवार को सदर थाना में आयोजित प्रेसवार्ता में बताया कि एसपी संतोष कुमार के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर किशनगंज, कटिहार और पश्चिम बंगाल में छापेमारी की गई। इसी दौरान दोनों आरोपितों को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर चोरी का मोबाइल, तांबा-पीतल के बर्तन, एलईडी टीवी और चोरी में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए हैं। बरामद सामान में लिची बगान धर्मगंज स्थित एक सैन्य अधिकारी के बंद घर से चोरी गया मोबाइल, केला बगान और डुमरिया काली मंदिर के पास से चोरी हुआ टीवी शामिल है। इन घटनाओं में करीब 2 लाख रुपये की चोरी की गई थी।

पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि गिरोह के सदस्य पहले बंद घरों की रेकी करते थे, फिर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। चोरी के बाद आरोपी कटिहार में रिश्तेदारों के यहां छिप जाते थे और चोरी के सोना-चांदी के जेवर पश्चिम बंगाल में बेच देते थे।

गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ सदर थाना में पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। अंकित राय उर्फ बाबू पर 10 और शिव शर्मा उर्फ राजा शर्मा पर 7 मामले दर्ज हैं। कई मामलों में दोनों फरार चल रहे थे।

चोरी गए आभूषणों और अन्य सामान की बरामदगी के लिए पुलिस की छापेमारी जारी है। इस कार्रवाई में एसडीपीओ गौतम कुमार समेत कई थानों की पुलिस और तकनीकी सेल की टीम शामिल रही।