Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:भांजे वैभव सूर्यवंशी के बाद मामा अभिषेक का कमाल: पहली बार में UPSC निकाल बने IPS - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Saturday, March 7, 2026

BIHAR:भांजे वैभव सूर्यवंशी के बाद मामा अभिषेक का कमाल: पहली बार में UPSC निकाल बने IPS

बिहार के समस्तीपुर जिले का नाम एक बार फिर देश में बड़े गर्व से लिया जाएगा. मोहिउद्दीननगर प्रखंड के राजाजान गांव निवासी प्रो. डॉ. अभय कुमार सिंह और अनुराधा राजपूत के पुत्र अभिषेक चौहान ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की परीक्षा में 102वीं रैंक हासिल कर परिवार सहित पूरे जिले का मान बढ़ाया है.

ध्यान देने वाली बात यह है कि अभिषेक ने इस कठिन डगर को पहली बार में ही पार कर लिया. इसके अलावा शायद कम लोग ही जानते होंगे कि अभिषेक उभरते भारतीय क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी के मामा हैं. ऐसे में भांजे के बाद मामा के कमाल ने समस्तीपुर को जश्न मनाने का एक और मौका दे दिया है.

पहले से ही होनहार थे वैभव के मामा

वैभव सूर्यवंशी के पिता संजीव सूर्यवंशी ने भी अपने साले साहब के यूपीएससी में सफलता पर फूले नहीं समा रहे हैं. सोशल मीडिया पर उन्होंने पोस्ट कर इसकी जानकारी दी है.अभिषेक चौहान का जन्म 18 नवंबर 1999 को पूसा स्थित अस्पताल में हुआ था. बचपन से ही वह मेघावी छात्र रहे हैं. शुरुआती पढ़ाई हाजीपुर के अक्षरा स्कूल से शुरू हुई थी जहां से उन्होंने एक साथ सैनिक स्कूल और आरके मिशन में छठी क्लास में नामांकन की परीक्षा निकालकर अपनी पढ़ाई की दुनिया में कदम रखा था. इसके बाद उन्होंने M.Tech की पढ़ाई पूरा करते हुए गोल्ड मेडलिस्ट बनकर जिला का नाम रौशन किया था. साथ ही 2022 के बाद लोक सेवा आयोग की तैयारी शुरू कर दी थी.

पहली बार में ही क्रैक कर लिया एग्जाम

2025 में पहली बार में ही संघ लोक सेवा आयोग की प्री और मेंस परीक्षा पास कर 2026 में इंटरव्यू में भी शानदार तरीके से सवालों का सटीक जबाव देकर अभिषेक ने अपनी काबलियत सामने रखी. शुक्रवार को जैसे ही संघ लोक सेवा आयोग परीक्षा का रिजल्ट घोषित किया, तो अभिषेक ने 102वीं रैंक लाकर आईपीएस बन गए हैं. बताते चलें कि अभिषेक चौहान के पिता प्रो. डॉ. अभय कुमार सिंह नालंदा खुला विश्वविद्यालय के कुलसचिव (रजिस्ट्रार) हैं. उनके चाचा पैक्स अध्यक्ष अजय कुमार सिंह, चाची तनुजा सिंह, चचेरा भाई आनंद चौहान, अनीश चौहान सहित उसके ननिहाल दलसिंहसराय में भी खुशी का माहौल है.

समस्तीपुर से अविनाश कुमार की रिपोर्ट