Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:रील बनाने के चक्कर में 7 युवक-युवती गिरफ्तार: स्कूल में घुसकर बनाया था फेक वीडियो, शिक्षकों को किया था ब्लैकमेल - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Monday, March 9, 2026

BIHAR:रील बनाने के चक्कर में 7 युवक-युवती गिरफ्तार: स्कूल में घुसकर बनाया था फेक वीडियो, शिक्षकों को किया था ब्लैकमेल

हेडलाइन:
रील बनाने के चक्कर में 7 युवक-युवती गिरफ्तार: स्कूल में घुसकर बनाया था फेक वीडियो, शिक्षकों को किया था ब्लैकमेल

मोतिहारी: पूर्वी चंपारण के हरसिद्धि थाना क्षेत्र में सरकारी शिक्षकों और प्रधानाध्यापक अभिनव कुमार को ब्लैकमेल करने तथा सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में पुलिस ने सात लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि इन लोगों ने फेसबुक और यूट्यूब पर फर्जी वीडियो डालकर शिक्षकों को बदनाम करने की कोशिश की थी।

शिक्षकों और प्रधानाध्यापक द्वारा दिए गए आवेदन के आधार पर हरसिद्धि थाना में कांड संख्या 140/26 दिनांक 07 मार्च 2026 को मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सात अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में रौनक कुमार (20), पंकज कुमार (23), रवीना यादव (23), उपकार पाण्डेय (21), विकास सिंह (26), अभिषेक सिंह (21) और झुन्नू सिंह (40) शामिल हैं। सभी आरोपी हरसिद्धि थाना क्षेत्र के अलग-अलग गांवों के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस ने सभी को न्यायिक हिरासत में भेजने के लिए कोर्ट में प्रस्तुत किया है।

प्रशिक्षु डीएसपी ऋषभ कुमार ने रविवार को बताया कि रील बनाने की सनक में सरकारी कार्यालयों में जाकर उदंडता करना इन युवकों को महंगा पड़ा है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

बताया जाता है कि हरसिद्धि के पानापुर धनखरैया निवासी इन युवाओं ने गांव के एक विद्यालय में जाकर अमर्यादित तरीके से बात करते हुए वीडियो बनाया था, जिससे पढ़ाई का माहौल प्रभावित हुआ। प्रशासनिक शिकायत के बाद पुलिस ने इन्हें हिरासत में लिया और उनकी सोशल मीडिया आईडी से पुलिस और प्रशासन को चुनौती देने वाले वीडियो भी हटवाए गए।

इस मामले में बीडीओ गुलशन कुमार ने कहा कि हर नागरिक को संवैधानिक तरीके से आवेदन देकर शिकायत करने का अधिकार है, लेकिन कानून को हाथ में लेना, अभद्र व्यवहार करना और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का दुरुपयोग करना समाज में अराजकता फैलाता है।