हेडलाइन:
बेतिया में घूसखोर इंजीनियर के घर छापा: छज्जे में कार्टन में छिपाकर रखे 42.5 लाख रुपये बरामद
खबर:
पश्चिमी चंपारण जिले के बेतिया में शिक्षा विभाग में तैनात सहायक अभियंता रौशन कुमार के घर से स्पेशल विजिलेंस यूनिट (SVU) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 42 लाख 500 रुपये नकद बरामद किए हैं। यह रकम उसके बेतिया स्थित आवास के छज्जे पर एक कार्टन में छिपाकर रखी गई थी।
दरअसल, एसवीयू ने रौशन कुमार को 2 मार्च को 5 लाख रुपये घूस लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया था। वह मूल रूप से लखीसराय का रहने वाला है और करीब एक साल पहले ही उसकी नौकरी लगी थी। बेतिया में उसकी यह पहली पोस्टिंग थी।
एसवीयू के एडीजी पंकज कुमार दाराद के अनुसार, नौतन निवासी शम्श तबरेज ने शिकायत की थी कि स्कूल निर्माण के 57 लाख रुपये के बिल भुगतान के बदले रौशन कुमार 10 प्रतिशत कमीशन की मांग कर रहा था। शिकायत की सत्यता की जांच के बाद एसवीयू ने जाल बिछाकर उसे 5 लाख रुपये घूस लेते हुए गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। अब एसवीयू उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी और उसके खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला भी दर्ज किया जाएगा। उसकी संपत्ति की विस्तृत जांच जारी है।
गौरतलब है कि बेतिया शिक्षा विभाग पहले भी घूसखोरी के मामले में सुर्खियों में रह चुका है। पिछले साल जनवरी में एसवीयू ने जिला शिक्षा पदाधिकारी रजनी कांत प्रवीण को भी घूस लेते हुए गिरफ्तार किया था। उनके ठिकानों पर छापेमारी के दौरान करीब 3.5 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्ति के दस्तावेज मिले थे।
बताया जा रहा है कि रौशन कुमार स्कूल निर्माण, मरम्मत और अन्य कार्यों के बिल पास कराने के लिए ठेकेदारों से 10 से 15 प्रतिशत तक कमीशन वसूलता था। एक साल के भीतर शिक्षा विभाग के दो अधिकारियों की गिरफ्तारी से विभाग की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।