पूर्णिया में शराब पीकर हंगामा: भवानीपुर में 4 और रौटा में 5 लोग गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजा गया
पूर्णिया जिले में शराबबंदी कानून के उल्लंघन के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में शराब पीकर हंगामा करने के आरोप में कुल नौ लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
भवानीपुर थाना पुलिस ने रविवार की संध्या शराब पीकर हंगामा कर रहे चार लोगों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार लोगों में नगर पंचायत भवानीपुर के वार्ड एक निवासी वीरेंद्र मंडल, प्रमोद स्वर्णकार, वार्ड 6 निवासी छोटू आलम और धोलटू मंडल शामिल हैं। थानाध्यक्ष सह पुनि राजकुमार चौधरी ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोग शराब के नशे में हंगामा कर रहे हैं। सूचना मिलने के बाद सअनि वीरेंद्र कुमार नट को पुलिस बल के साथ मौके पर भेजा गया, जहां कार्रवाई करते हुए चारों को गिरफ्तार कर लिया गया। सोमवार को सभी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
वहीं बैसा प्रखंड के रौटा थाना क्षेत्र में भी शराब पीकर हंगामा कर रहे पांच लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार लोगों में रौटा बाजार के मंजूर आलम, अख्तियारपुर के गोकुल कुमार मंडल, रौटा के बंटी नट, शीशाबाड़ी के मो. कमरूज्जमां और पंदरपुर के गोपाल कुमार शामिल हैं।
रौटा थानाध्यक्ष कुमार कुणाल सौरव ने बताया कि शराबबंदी कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आगे भी ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।