हेडलाइन:
कटिहार में सरपंच गिरफ्तार: 200 बीघा फसल ट्रैक्टर से रौंदने और रंगदारी मांगने का आरोप, किसानों को कट्टे से धमकाने की भी शिकायत
कटिहार:
मनिहारी थाना पुलिस ने बघार पंचायत के सरपंच रामनिवास यादव को रंगदारी मांगने और किसानों की फसल बर्बाद करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने शनिवार को उन्हें हिरासत में लिया था और रविवार को न्यायिक हिरासत में कटिहार भेज दिया।
यह मामला बिहार-झारखंड सीमावर्ती इलाके में करीब 200 बीघा जमीन में लगी फसल को नुकसान पहुंचाने से जुड़ा है। इस संबंध में दक्षिणी कांटाकोश पंचायत के किसान मोती लाल यादव और रामगोपाल यादव ने मनिहारी थाना में अलग-अलग शिकायत दर्ज कराई थी।
किसानों का आरोप है कि 9 मार्च की रात सरपंच रामनिवास यादव अपने आधा दर्जन से अधिक सहयोगियों के साथ रामनगर मौजे में पहुंचे और ट्रैक्टर से लगभग 200 बीघा जमीन में लगी फसल को रौंदकर नष्ट कर दिया। इस घटना से किसानों को भारी नुकसान हुआ है।
पीड़ित किसानों ने यह भी बताया कि घटना के बाद उन्हें कट्टे का भय दिखाकर शिकायत नहीं करने की धमकी दी गई। किसानों के अनुसार इस घटना में करीब पांच लाख रुपये मूल्य की फसल बर्बाद हो गई है।
मनिहारी थानाध्यक्ष पंकज आनंद ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय अधिकारियों के निर्देश पर मनिहारी थाना में कांड संख्या 73/2026 दर्ज किया गया है। इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 190, 191(2), 191(3), 324(6), 308(4), 351(2), 352 और 35 के तहत कार्रवाई की गई है।
वहीं दूसरी ओर, सरपंच रामनिवास यादव ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को राजनीति से प्रेरित और झूठा बताया है। उनका कहना है कि उन्हें साजिश के तहत फंसाया गया है।
सरपंच के भाई बिहारी यादव ने भी किसान रामगोपाल यादव और कुछ अन्य लोगों पर ही रंगदारी के उद्देश्य से फसल को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।