किशनगंज में ट्रक से 1152 लीटर विदेशी शराब जब्त: पश्चिम बंगाल से समस्तीपुर ले जा रहे दो तस्कर गिरफ्तार
किशनगंज जिले में शराब तस्करों और पियक्कड़ों के खिलाफ उत्पाद विभाग का अभियान लगातार तेज किया जा रहा है। इसी क्रम में उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से 1152 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। इस मामले में दो तस्करों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
उत्पाद थाना अध्यक्ष संगम कुमार विद्यार्थी ने बताया कि जिला पदाधिकारी के माध्यम से गुप्त सूचना मिली थी कि विदेशी शराब से भरा एक ट्रक किशनगंज के रास्ते गुजरने वाला है। सूचना के आधार पर उत्पाद अधीक्षक के निर्देश पर अवर निरीक्षक कुंज बिहारी सिंह और सहायक अवर निरीक्षक विनोद कुमार के नेतृत्व में रामपुर चेकपोस्ट पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया।
जांच के दौरान संदिग्ध ट्रक को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान ट्रक से 1152 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। गिरफ्तार तस्करों की पहचान रंजीत कुमार और अखिलेश कुमार के रूप में हुई है। पूछताछ में उन्होंने बताया कि वे पश्चिम बंगाल से शराब लेकर समस्तीपुर जा रहे थे।
दोनों आरोपियों की मेडिकल जांच कराने के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। उत्पाद विभाग ने कहा कि बिहार में शराबबंदी कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।