दरभंगा में डायल-112 के पुलिस पदाधिकारी सस्पेंड: DJ लदे पिकअप ड्राइवर से पैसे लेने का आरोप
दरभंगा जिले के सकतपुर थाना क्षेत्र में डायल-112 में तैनात पुलिस पदाधिकारी रामाधार सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। उन पर डीजे लदे पिकअप वाहन के चालक से अवैध रूप से पैसे लेने का आरोप लगा है। मामले की जांच रिपोर्ट मिलने के बाद विभागीय कार्रवाई करते हुए उन्हें सस्पेंड किया गया।
बहेड़ा अंचल पुलिस निरीक्षक की जांच रिपोर्ट में कहा गया कि संबंधित पुलिस पदाधिकारी के आचरण से पुलिस विभाग की छवि धूमिल हुई है। इसी आधार पर वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) ने कार्रवाई करते हुए रामाधार सिंह को निलंबित कर दिया।
जारी आदेश के अनुसार, निलंबन अवधि के दौरान उन्हें सामान्य जीवन-यापन भत्ता मिलेगा। साथ ही इस दौरान उनका मुख्यालय पुलिस केंद्र, दरभंगा निर्धारित किया गया है।
एसएसपी बोले- अनियमितता बर्दाश्त नहीं
एसएसपी ने स्पष्ट कहा कि विभाग की छवि और अनुशासन बनाए रखने के लिए ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग में किसी भी प्रकार की अनियमितता या भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।