हेडलाइन:
सहरसा में छोटू मिश्रा हत्याकांड का 36 घंटे में खुलासा, 5 आरोपी गिरफ्तार; 6 हथियार और कारतूस बरामद
सहरसा:
सहरसा के चर्चित सतीश झा उर्फ छोटू मिश्रा हत्याकांड का पुलिस ने महज 36 घंटे के अंदर सफल उद्भेदन कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने दो शूटर समेत कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने कई अवैध हथियार भी बरामद किए हैं।
दरअसल, 13 मार्च 2026 को सदर थाना क्षेत्र के मीरा टॉकीज के पास बाइक सवार अपराधियों ने सतीश झा उर्फ छोटू मिश्रा को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जख्मी को इलाज के लिए सूर्या अस्पताल, सहरसा भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद मृतक के पिता के लिखित आवेदन के आधार पर सदर थाना में कांड संख्या 273/2026 दर्ज किया गया। इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1), 61(2), 3(5) और आर्म्स एक्ट की धारा 27 के तहत चार नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर) के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी जांच, सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण, मानव आसूचना और संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी के आधार पर कार्रवाई करते हुए कांड का खुलासा किया।
जांच के दौरान पुलिस ने मुख्य शूटर रोहित कुमार उर्फ मिठ्ठू को सुपौल जिले से गिरफ्तार किया, जबकि दूसरे शूटर नवनीत कुमार उर्फ उदय को सहरसा के विद्यापति नगर से गिरफ्तार किया गया। इसके बाद दोनों की निशानदेही पर हथियार छिपाने और रखने में शामिल अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
बरामद हथियार
गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर सौरव कुमार मिश्रा के घर से पुलिस ने अवैध हथियारों का जखीरा बरामद किया। इसमें
- 4 पिस्टल
- 1 देशी कट्टा
- 1 रिवॉल्वर
- 2 मैगजीन
- 8 जिंदा कारतूस (7.65 mm)
- 4 जिंदा कारतूस (9 mm)
- 1 चाकू
पुलिस ने बरामद हथियारों को बैलिस्टिक जांच के लिए भेज दिया है। इस संबंध में सदर थाना में एक और मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी
- रोहित कुमार उर्फ मिठ्ठू, पिता घनश्याम ठाकुर, हटियागाछी वार्ड-20, थाना सदर, सहरसा
- नवनीत कुमार उर्फ उदय, पिता स्व. कमलेश्वर शर्मा, रसलपुर वार्ड-06, थाना बनमा ईटहरी, सहरसा
- अभिनव कुमार, पिता अंजनी कुमार, विद्यापति नगर, थाना सदर, सहरसा
- राजा कुमार तिवारी, पिता स्व. नरेश तिवारी, तिवारी टोला वार्ड-26, थाना सदर, सहरसा
- सौरव कुमार मिश्रा, पिता संतोष कुमार मिश्रा, मिश्रा टोला वार्ड-26, थाना सदर, सहरसा
पुरानी रंजिश बनी हत्या की वजह
पुलिस की प्रारंभिक जांच में हत्या का कारण पुरानी आपसी रंजिश सामने आया है। बताया जा रहा है कि अगस्त 2019 में मिहीर त्रिवेदी उर्फ करण टाइगर की हत्या हुई थी, जिसमें मुख्य आरोपी सतीश झा उर्फ छोटू मिश्रा थे। उसी घटना की दुश्मनी में इस हत्याकांड को अंजाम दिया गया।
पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच जारी है और घटना में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।