हेडलाइन :
सहरसा में इंटर परीक्षा के दौरान फर्जी परीक्षार्थी गिरफ्तार, सिमरी बख्तियारपुर के आदर्श केंद्रों पर दिखा उत्सव जैसा माहौल
सहरसा।
इंटरमीडिएट परीक्षा के दूसरे दिन सहरसा जिले में प्रशासन की सख्ती और बेहतर व्यवस्था दोनों की तस्वीर देखने को मिली। एक ओर जहां सहरसा शहर के एक परीक्षा केंद्र पर फर्जी परीक्षार्थी पकड़े जाने से हड़कंप मच गया, वहीं सिमरी बख्तियारपुर अनुमंडल के आदर्श परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण और सकारात्मक माहौल रहा।
सहरसा के आरएम कॉलेज परीक्षा केंद्र पर प्रथम पाली के दौरान एक युवक को फर्जी तरीके से परीक्षा देते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया। आरोपी की पहचान दीपक कुमार के रूप में हुई, जो अपने ममेरे भाई अंश आरव की जगह परीक्षा देने पहुंचा था। बायोमेट्रिक सत्यापन और फोटो मिलान के दौरान वीक्षकों को संदेह हुआ, जिसके बाद फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ।
सदर थाना पुलिस ने लिया हिरासत में
सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। सदर थानाध्यक्ष सुबोध कुमार ने बताया कि केंद्राधीक्षक के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
दूसरी ओर, सिमरी बख्तियारपुर अनुमंडल में परीक्षा का माहौल पूरी तरह तनावमुक्त और सकारात्मक रहा। यहां बनाए गए तीन परीक्षा केंद्रों में से दो को आदर्श केंद्र के रूप में विकसित किया गया था। केंद्रों के मुख्य द्वार को गुब्बारों से सजाया गया था, फर्श पर मैट बिछाए गए थे और परीक्षार्थियों के लिए आरओ पेयजल की व्यवस्था की गई थी।
713 में से 702 परीक्षार्थी रहे उपस्थित
मंगलवार को प्रथम पाली में विज्ञान और द्वितीय पाली में कला संकाय की परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। कुल 713 परीक्षार्थियों में से 702 ने परीक्षा दी, जबकि 11 अनुपस्थित रहे।
परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए एसडीओ आलोक राय, डीएसपी मुकेश कुमार ठाकुर, इंस्पेक्टर शुजाउद्दीन, बीडीओ जयकिशन और थानाध्यक्ष अमरनाथ कुमार द्वारा लगातार निरीक्षण किया गया। प्रवेश से पहले सघन जांच, महिला पुलिस की तैनाती और धारा 144 का सख्ती से पालन कराया गया।
जिले भर में दूसरे दिन कुल 8919 परीक्षार्थियों में से 8768 उपस्थित रहे, जबकि 151 अनुपस्थित पाए गए। कदाचार के आरोप में एक फर्जी परीक्षार्थी की गिरफ्तारी हुई। केंद्राधीक्षकों के अनुसार, परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त माहौल में संपन्न हुई।