Kosi Live-कोशी लाइव बिहार में 29 जिलों के पंचायत सचिवों का ‘खेला’ उजागर, वीडियो कॉल से खुली पोल; अब कटेगी सैलरी - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Wednesday, February 4, 2026

बिहार में 29 जिलों के पंचायत सचिवों का ‘खेला’ उजागर, वीडियो कॉल से खुली पोल; अब कटेगी सैलरी

पंचायत सचिव और कार्यपालक सहायकों के कार्यों और उनके लोकेशन की निगरानी करने को लेकर पंचायती राज विभाग की ओर से मानिटरिंग सेल का गठन किया गया था। सेल की ओर से रैंडम वीडियो कॉल कर उनका लोकेशन लिया जाता है और फिर इसकी रिपोर्ट तैयार कर विभाग को भेजी जाती है।

दिसंबर और जनवरी की जो रिपोर्ट आई है, वह चौंकाने वाली है।

सेल के रैंडम वीडियो कॉल में राज्य के 29 जिलों के करीब सौ पंचायत सचिव और कार्यपालक सहायक अनुपस्थित पाए गए। इसी आधार पर रिपोर्ट तैयार कर पंचायती राज विभाग को भेजी गई। इसपर विशेष कार्य पदाधिकारी ने संज्ञान लिया। उन्होंने नो वर्क नो पे के सिद्धांत पर इनका एक-एक दिन का वेतन बंद करने का आदेश जारी किया।

साथ ही इससे सभी जिला पंचायती राज पदाधिकारियों को अवगत कराया और इन सभी से स्पष्टीकरण पूछने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि वीडियो कॉल से स्पष्ट हो रहा है कि ये सभी कार्यदिवस में मुख्यालय से अनधिकृत रूप से अनुपस्थित रहते हैं। यह लापरवाही, अनुशानशीनता और स्वेच्छाचारिता को दर्शाता है। इसी आधार पर इनका वेतन बंद करने का आदेश जारी किया।

बताया गया कि सेल की ओर से जो रैंडम कॉल किया। उसमें कई तो अनुपस्थित पाए गए, जबकि कुछ ने कॉल रिस्पॉन्स नहीं लिया। नालंदा की एक महिला पंचायत सचिव ने तो घर पर होने की जानकारी दी। जबकि कार्यदिवस में उन्हें कार्यक्षेत्र में रहना अनिवार्य था। कुछ ऐसे भी थे जिनका मोबाइल नंबर स्विच ऑफ मिला तो कुछ ने कॉल रिसीव नहीं किया। इसी आधार पर रिपोर्ट तैयार कर भेजी गई। इसमें मुजफ्फरपुर जिले के बंदरा, औराई समेत अन्य प्रखंडों के पंचायत सचिव शामिल है।

पूर्व में भी हो चुकी कारवाई:

विदित हो कि पूर्व में भी मानिटरिंग सेल की ओर से इसी प्रकार कॉल कर रैंडम लोकेशन लिया गया था। इसमें जिले से सरैया समेत अन्य प्रखंडों के पंचायत सचिव अनुपस्थित मिले थे। इनसे स्पष्टीकरण पूछा गया था। इसके आलोक में इन्होंने नेटवर्ट प्रोब्लम तो किसी ने बैठक में शामिल होने की बात बोलकर माफीनामा दिया था। इसकी जांच जिला स्तर पर करवाई गई। इसमें मामला सही पाए जाने पर इन्हें स्पष्टीकरण दे मुक्त कर दिया गया था। इसकी रिपोर्ट मुख्यालय को भी भेजी गई थी।

इन जिलों के पंचायत सचिव और कार्यपालक सहायक:

मुजफ्फरपुर, अररिया, कैमूर, कटिहार, खगड़िया, सहरसा, समस्तीपुर, सारण, सुपौल, वैशाली, अरवल, गया जी, गोपालगंज, नवादा, पश्चिम चंपारण, रोहतास, औरंगाबाद, बांका, मधुबनी, पूर्णिया, बेगूसराय, भोजपुर, मुंगेर, नालंदा, जमुई, शिवहर और सिवान जिले शामिल हैं।