पटना। नगर विकास एवं आवास विभाग ने सरकारी राशि के दुरुपयोग के आरोप में सहरसा की मेयर बैन प्रिया के साथ उनके निजी सचिव राजीव कुमार और निजी सचिव की पत्नी पर प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश दिया है।
विभाग की तरफ से बुधवार को जारी आदेश के मुताबिक सहरसा की मेयर और निजी सचिव पर स्ट्रीट लाइट, डेकोरेटिव लाइट रख-रखाव एवं मेंटेनेंस के नाम पर हर माह लगभग 50 लाख रुपये के दुरुपयोग का आरोप है।
इस बारे में सहरसा के कोसी कॉलोनी निवासी राहुल कुमार पासवान ने परिवाद दायर किया था। परिवाद के आलोक में सहरसा के डीएम के स्तर पर त्रि-स्तरीय जांच समिति का गठन किया गया था। इस जांच में तीनों की भूमिका संदिग्ध पाई गई थी।
जांच समिति की रिपोर्ट के आधार पर विभाग ने सहरसा के नगर आयुक्त को आरोपितों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करते हुए तीन दिनों के भीतर अनुपालन प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।
इसके साथ ही विभाग ने निर्देश दिया है कि अगर किसी सरकारी सेवक या नगर निगम कर्मी की भी संलिप्तता पाई गई है, तो उनके विरुद्ध अनुशासनिक कार्रवाई का प्रस्ताव विभाग को एक सप्ताह के भीतर उपलब्ध कराया जाए।