बनमा ईटहरी में कफ सिरप तस्करी का भंडाफोड़, कार से 1073 पीस प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद, चार गिरफ्तार
सहरसा/बनमा ईटहरी। बनमा थाना पुलिस ने नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में प्रतिबंधित कफ सिरप के साथ चार युवकों को गिरफ्तार किया है। इस संबंध में सोमवार को सिमरी बख्तियारपुर के एसडीपीओ मुकेश कुमार ठाकुर ने प्रेस वार्ता आयोजित कर कार्रवाई की जानकारी दी।
एसडीपीओ ने बताया कि बनमा थाना अध्यक्ष खुशबू कुमारी को गुप्त सूचना मिली थी कि परसाहा होते हुए सोनवर्षाराज की ओर एक कार से प्रतिबंधित कफ सिरप की तस्करी की जा रही है। सूचना की पुष्टि के बाद थानाध्यक्ष के नेतृत्व में एसआई रवि कुमार, आभा कुमारी एवं हसीन अहमद खान की टीम गठित कर परसाहा मेन रोड के समीप सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया।
इसी दौरान उजले रंग की एक चार पहिया वाहन को रोककर तलाशी ली गई। जांच में वाहन से 1073 पीस प्रतिबंधित कफ सिरप (कुल 107.3 लीटर) बरामद किया गया। इसके साथ ही चार मोबाइल फोन एवं तस्करी में प्रयुक्त कार को भी जब्त कर लिया गया।
गिरफ्तार तस्करों की पहचान सौरबाजार थाना क्षेत्र के अर्राहा गांव निवासी मनीष कुमार, बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के हिंदुपुर गांव निवासी अजय कुमार, ढाब गांव निवासी पिंटू कुमार तथा हरिबोल कुमार के रूप में की गई है।
एसडीपीओ ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। साथ ही इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में नशा कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।