हेडलाइन:
दुबई की जेल में छह माह से बंद बिहार का युवक, सकुशल वापसी को लेकर माता-पिता दर-दर भटक रहे
पूर्व खबर:
चंपानगर थाना क्षेत्र के सौराहा गांव निवासी एक युवक पिछले छह महीनों से दुबई में पुलिस हिरासत में बंद है। युवक की पहचान कुमुद पासवान के 26 वर्षीय पुत्र मिथुन कुमार पासवान के रूप में हुई है। रोजगार की तलाश में विदेश गया बेटा अब परदेस की सलाखों के पीछे है, जिससे उसके परिजन गहरे सदमे और चिंता में हैं।
मिथुन के पिता कुमुद पासवान और मां बुलबुल देवी ने बताया कि करीब 17 महीने पहले उनका बेटा बेहतर भविष्य और अच्छी कमाई की उम्मीद में वीजा-पासपोर्ट बनवाकर दुबई गया था। वहां वह एक निजी कंपनी में काम कर रहा था, लेकिन कंपनी मालिक ने पांच महीने की मजदूरी देने से इंकार कर दिया। वेतन नहीं मिलने पर मिथुन ने भारत लौटने का फैसला किया।
परिजनों के अनुसार, करीब छह महीने पहले मिथुन का आईडी कार्ड और पासपोर्ट कहीं खो गया। जब वह दुबई एयरपोर्ट से भारत लौटने के लिए पहुंचा, तो वहां की पुलिस ने उससे आईडी और पासपोर्ट मांगा। जरूरी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाने के कारण उसे हिरासत में ले लिया गया और तब से वह दुबई की जेल में बंद है।
मिथुन की सकुशल वापसी को लेकर उसके माता-पिता ने चंपानगर थाना के साथ-साथ एसपी कार्यालय में भी गुहार लगाई है। हालांकि, अब तक इस मामले में कोई ठोस पहल या समाधान सामने नहीं आया है। गरीब परिवार के माता-पिता बेटे की रिहाई और वतन वापसी के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटने को मजबूर हैं और प्रशासन से मदद की उम्मीद लगाए बैठे हैं।