पूर्णिया के चर्चित कारोबारी और फेमस ब्लॉगर सूरज बिहारी हत्याकांड के आरोपी स्नेहिल झा उर्फ स्नेहिल ठाकुर और आदित्य उर्फ आयुष ठाकुर ने मुजफ्फरपुर के ब्रह्मपुरा थाने में सरेंडर कर दिया है। आरोपी लंबे समय से फरार थे और पुलिस लगातार उनकी तलाश में छापेमारी कर रही थी।
सूत्रों के मुताबिक, सोशल मीडिया पर वायरल 3 मिनट 47 सेकेंड के CCTV फुटेज ने पूरे घटनाक्रम को बेनकाब कर दिया, जिससे पुलिस जांच को दिशा मिली। लगातार दबिश, संभावित कुर्की और गिरफ्तारी के डर से आखिरकार स्नेहिल झा और आदित्य ठाकुर ने घुटने टेक दिए। दोनों आरोपियों को कड़ी सुरक्षा में पुलिस हिरासत में लिया गया है और जल्द ही उन्हें ट्रांजिट रिमांड पर पूर्णिया लाया जाएगा।
इस केस में पुलिस ने 7 नामजद और 3 अज्ञात बदमाशों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। फरार आरोपियों में वांटेड ब्रजेश सिंह, उसका भाई राज सिंह उर्फ नंदू, ऐशु सिंह, रजनीश सिंह और अमन सिंह शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही इन सभी के खिलाफ कुर्की-जब्ती की कार्रवाई तेज की जाएगी।
अन्य नामजद अभी भी फरार हैं
बताया जा रहा है कि वायरल CCTV वीडियो इस केस में पुलिस के लिए सबसे अहम सबूत साबित हुआ है। वीडियो में साफ तौर पर गोलियों की तड़तड़ाहट, बदमाशों की संख्या और हमले की पूरी टाइमलाइन कैद है।
इसी फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपियों से पूछताछ की तैयारी में जुट गई है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि फायरिंग का आदेश किसने दिया, हथियार कहां से आए और साजिश में और कौन-कौन शामिल था। हत्याकांड में नामजद अन्य आरोपी अब भी फरार हैं।
बेटे के गम में पिता की भी हो गई थी मौत सूरज बिहारी की हत्या के बाद परिवार पहले से ही सदमे में है। बेटे की हत्या का गम उनके पिता जवाहर यादव बर्दाश्त नहीं कर सके और कुछ दिन बाद हार्ट अटैक से उनकी भी मौत हो गई थी।
मरंगा थानाध्यक्ष कौशल कुमार ने बताया कि सरेंडर करने वाले दोनों आरोपियों से पूछताछ में कई अहम खुलासे होने की उम्मीद है।