मधेपुरा सदर थाना क्षेत्र के खोपैती गांव में शुक्रवार सुबह बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस (BSAP) के हवलदार श्यामल किशोर शर्मा (54) की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। वे मूल रूप से सहरसा जिले के बनगांव थाना क्षेत्र स्थित बरियाही बाजार के रहने वाले थे।
रात तक थे पूरी तरह स्वस्थ
परिजनों के मुताबिक, उनकी वर्तमान पोस्टिंग बेगूसराय में थी। गुरुवार रात वह अपनी मौसी के घर खोपैती गांव आए थे। परिवार का कहना है कि रात तक वे पूरी तरह स्वस्थ थे और शुक्रवार सुबह ड्यूटी पर लौटने की तैयारी कर रहे थे।
चाय पीने के बाद अचानक बिगड़ी हालत
मौसेरे भाई मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि सुबह उन्होंने खाना बनाने को कहा था ताकि भोजन कर ड्यूटी के लिए निकल सकें। इसी दौरान चाय पीने के कुछ ही देर बाद उन्हें तेज पसीना आने लगा और सीने में असहनीय दर्द की शिकायत हुई।
अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
परिजन और ग्रामीण तुरंत उन्हें सदर अस्पताल, मधेपुरा ले गए, लेकिन वहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अचानक हुई इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया है।
सूचना मिलते ही मधेपुरा पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। प्रारंभिक तौर पर हृदयाघात से मौत की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।