Kosi Live-कोशी लाइव MADHEPURA:मधेपुरा में अवैध दवा कारोबार पर छापा, डेढ़ लाख की दवाइयां जब्त - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Friday, February 27, 2026

MADHEPURA:मधेपुरा में अवैध दवा कारोबार पर छापा, डेढ़ लाख की दवाइयां जब्त

हेडलाइन:
मधेपुरा में अवैध दवा कारोबार पर छापा, डेढ़ लाख की दवाइयां जब्त

मधेपुरा। शहर से सटे चकला और श्रीपुर क्षेत्र में बिना लाइसेंस संचालित अवैध दवा कारोबारियों के यहां औषधि नियंत्रण विभाग की टीम ने गुरुवार को छापेमारी की। यह कार्रवाई जिला प्रशासन द्वारा प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी की उपस्थिति में की गई।

विभाग को लगातार शिकायत मिल रही थी कि चकला इलाके में बिना किसी वैध लाइसेंस के बड़े पैमाने पर दवाओं का भंडारण और बिक्री की जा रही है। शिकायत के आधार पर की गई इस कार्रवाई से इलाके के अवैध दवा विक्रेताओं में हड़कंप मच गया।

जांच की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए पूरी छापेमारी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई गई और विधिवत जब्ती सूची तैयार की गई। छापेमारी दल में शामिल औषधि निरीक्षक खुशी कुमारी, शशि रंजन एवं राजीव राज ने बताया कि करीब 1 लाख 50 हजार रुपये मूल्य की दवाइयां बरामद की गई हैं।

बरामद खेप में सामान्य दवाओं के साथ-साथ भारी मात्रा में सरकारी आपूर्ति की दवाइयां और संदिग्ध नकली दवाएं भी शामिल हैं। अधिकारियों ने कई संदेहास्पद दवाओं के नमूने एकत्र कर गुणवत्ता जांच के लिए राजकीय औषधि परीक्षण प्रयोगशाला भेज दिए हैं।

लैब रिपोर्ट आने के बाद संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। औषधि नियंत्रण विभाग ने स्पष्ट किया है कि नियमों की अनदेखी और अवैध कारोबार में संलिप्त पाए जाने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।