Kosi Live-कोशी लाइव MADHEPURA:मधेपुरा रेलवे स्टेशन पर मिली महिला की लाश मामले में नया मोड़: प्रेमी अंजार पर हत्या का केस, पति ने बताया– ‘साजिश की दी थी जानकारी’ - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Friday, February 27, 2026

MADHEPURA:मधेपुरा रेलवे स्टेशन पर मिली महिला की लाश मामले में नया मोड़: प्रेमी अंजार पर हत्या का केस, पति ने बताया– ‘साजिश की दी थी जानकारी’

मधेपुरा रेलवे स्टेशन पर मिली महिला की लाश मामले में नया मोड़: प्रेमी अंजार पर हत्या का केस, पति ने बताया– ‘साजिश की दी थी जानकारी’

मधेपुरा रेलवे स्टेशन पर मासूम बेटियों के अपनी मृत मां के सिर को गोद में लेकर बैठे रहने की हृदयविदारक घटना में अब नया मोड़ सामने आया है। मृतका काजल की गोतनी मशरून खातून ने सहरसा जीआरपी थाना में काजल के कथित प्रेमी मो. अंजार के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया है। प्राथमिकी में अंजार के अलावा उसकी बहन और अन्य परिजनों को भी आरोपी बनाया गया है।

आवेदन में आरोप लगाया गया है कि काजल की हत्या सुखासन गांव में की गई और साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से उसके शव को मधेपुरा रेलवे स्टेशन पर लाकर छोड़ दिया गया, ताकि जांच को गुमराह किया जा सके।

तीन माह से प्रेमी के साथ रह रही थी

मुरलीगंज थाना क्षेत्र के भतखोरा निवासी मो. खुर्शीद की पत्नी मशरून खातून ने पुलिस को बताया कि काजल शादी के बाद अपने पति मो. मुर्शीद के साथ दिल्ली में रह रही थी। करीब तीन माह पहले वह अपनी दोनों मासूम बेटियों को लेकर कथित रूप से अपने प्रेमी अंजार के साथ मधेपुरा आ गई थी।

आरोप है कि अंजार उसे अपनी बहन गुला खातून के घर सुखासन में रखे हुए था। परिजनों का कहना है कि इसी दौरान अंजार और उसके परिवार वालों ने मिलकर काजल की हत्या कर दी और शव को स्टेशन पर फेंक दिया।

वहीं आरोपी अंजार की बहन गुला खातून ने अलग बयान देते हुए कहा कि उसका भाई अपनी दोनों पत्नियों और बच्चों के साथ सिंहेश्वर मेला घूमने आया था। उसी दौरान काजल को अचानक पेट में तेज दर्द हुआ। अंजार उसे इलाज के लिए डॉक्टर के पास ले जाने की बात कहकर घर से निकला, लेकिन उसके बाद दोनों का कोई पता नहीं चला। बाद में काजल का शव रेलवे स्टेशन पर मिला।

हत्या से पहले पति को किया था फोन

मृतका के पति मो. मुर्शीद ने हरियाणा से लौटने के बाद बताया कि 23 फरवरी की दोपहर करीब तीन बजे काजल ने उन्हें फोन कर बताया था कि अंजार और उसके परिवार वाले उसकी हत्या की साजिश रच रहे हैं और बाद में उन्हें फंसाने की योजना बना रहे हैं।

उन्होंने बताया कि काजल ने उनसे बातचीत को रिकॉर्ड करने को भी कहा था। अगले ही दिन 24 फरवरी को उन्हें सूचना मिली कि उनकी पत्नी का शव मधेपुरा रेलवे स्टेशन पर पड़ा है। घटना के बाद से परिवार में शोक का माहौल है।

जीआरपी थाना प्रभारी रविभूषण ने बताया कि आवेदन के आधार पर जीरो एफआईआर दर्ज कर ली गई है। चूंकि घटना स्थल सिंहेश्वर थाना क्षेत्र का सुखासन गांव बताया जा रहा है, इसलिए आगे की कार्रवाई के लिए मामला स्थानीय पुलिस को भेजा जा रहा है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश में जुटी है कि काजल की मौत बीमारी से हुई या फिर सुनियोजित साजिश के तहत हत्या की गई।

ग्रामीणों के अनुसार, लगभग आठ वर्ष पूर्व काजल ने मो. मुर्शीद से प्रेम विवाह किया था, जिसके बाद उसका मायके से संबंध लगभग टूट गया था।