Kosi Live-कोशी लाइव MADHEPURA:18 वर्षीय युवती की संदिग्ध मौत, इलाज के दौरान तोड़ा दम, अंतिम संस्कार से पहले पुलिस ने शव भेजा पोस्टमार्टम को - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Friday, February 13, 2026

MADHEPURA:18 वर्षीय युवती की संदिग्ध मौत, इलाज के दौरान तोड़ा दम, अंतिम संस्कार से पहले पुलिस ने शव भेजा पोस्टमार्टम को


 उदाकिशुनगंज में 18 वर्षीय युवती की संदिग्ध मौत, इलाज के दौरान तोड़ा दम, अंतिम संस्कार से पहले पुलिस ने शव भेजा पोस्टमार्टम को

मधेपुरा जिले के उदाकिशुनगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत पिपरा करौती वार्ड नंबर दो में गुरुवार की रात एक 18 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान अंबुज यादव की बेटी अलका कुमारी के रूप में हुई है।

रात में अचानक बिगड़ी तबीयत, इलाज के दौरान हुई मौत

परिजनों के अनुसार गुरुवार की रात अचानक अलका कुमारी की तबीयत बिगड़ गई। परिजन उसे आनन-फानन में इलाज के लिए नजदीकी हरैली अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार शुरू किया, लेकिन इलाज के दौरान ही उसकी मौत हो गई।

अस्पताल से शव घर लाने के बाद शुक्रवार को परिजन अंतिम संस्कार की तैयारी में जुट गए थे। इसी बीच किसी माध्यम से घटना की सूचना पुलिस को मिल गई।

अर्थी से उठाकर पुलिस ने शव लिया कब्जे में

सूचना मिलते ही उदाकिशुनगंज थाना की पुलिस टीम गांव पहुंची। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस की इस कार्रवाई के कारण अंतिम संस्कार की प्रक्रिया रोकनी पड़ी।

एसडीपीओ बोले—पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा खुलासा

इस संबंध में उदाकिशुनगंज एसडीपीओ अविनाश कुमार ने बताया कि पुलिस को युवती की संदिग्ध मौत की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम गांव पहुंची, जहां परिजन शव का अंतिम संस्कार करने की तैयारी कर रहे थे।

एसडीपीओ ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।