Supaul - सुपौल जिले के त्रिवेणीगंज नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड 5 में मंगलवार की शाम एक बेहद दुखद घटना घटी। यहाँ रहने वाले 53 वर्षीय एलआईसी एजेंट नवीन कुमार सिंह ने अपने ही घर के एक कमरे में अपनी लाइसेंसी बंदूक से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। इस घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और पूरे बाजार क्षेत्र में मातम पसर गया।
मूल रूप से मीरजावा पंचायत के लहरनियाँ (वार्ड 3) के निवासी नवीन कुमार सिंह अपने वार्ड 5 स्थित आवास पर थे। परिजनों के अनुसार, उन्होंने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया था। कुछ ही देर बाद कमरे से गोली चलने की जोरदार आवाज आई, जिसे सुनकर घर के सदस्य बदहवास होकर कमरे की ओर दौड़े। काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बाद भी जब कोई हलचल नहीं हुई, तो परिजनों ने अनहोनी की आशंका में दरवाजा तोड़ दिया।
दरवाजा टूटते ही अंदर का नजारा देख परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। नवीन कुमार सिंह खून से लथपथ मृत अवस्था में पड़े थे और पास ही उनकी लाइसेंसी बंदूक पड़ी थी। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे इस बात को स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं कि नवीन सिंह ऐसा कोई कदम उठा सकते हैं। घटना की जानकारी तुरंत स्थानीय पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) विभाष कुमार, सर्किल इंस्पेक्टर सुनील कुमार पासवान और थानाध्यक्ष राकेश कुमार दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की। शुरुआती जांच में पुलिस इसे प्रथम दृष्टया आत्महत्या का मामला मान रही है।
एसडीपीओ विभाष कुमार ने बताया कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए फोरेंसिक टीम (FSL) को भी जांच के लिए बुलाया गया है। हालांकि, आत्महत्या के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता चल सके कि मृतक किसी मानसिक तनाव या निजी विवाद से तो नहीं जूझ रहे थे।