Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:बिहार में दर्दनाक हादसा: बहन की शादी से एक दिन पहले सिपाही की मौत, वाहन जांच के दौरान ट्रक ने रौंदा - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Tuesday, February 10, 2026

BIHAR:बिहार में दर्दनाक हादसा: बहन की शादी से एक दिन पहले सिपाही की मौत, वाहन जांच के दौरान ट्रक ने रौंदा

अरवल। अरवल जिले के मेहंदिया थाना क्षेत्र में एनएच-139 पर सोमवार देर रात वाहन जांच के दौरान हुए भीषण सड़क हादसे में परिवहन विभाग के बिहार मोबाइल स्क्वाड (चलंत दस्ता) के एक सिपाही की मौके पर ही मौत हो गई।

उसकी पहचान मुकेश कुमार (28) के रूप में हुई है।

वे बक्सर जिले के डुमरांव थाना के प्रतापनगर गांव निवासी मैनेजर यादव के पुत्र थे। हादसे में एक सिपाही गौतम कुमार व ट्रक चालक प्रवीण यादव गम्भीर रूप से जख्मी हो गए। एमवीआई विपुल कुमार भी चोटिल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल अरवल में भर्ती कराया गया है।

ट्रक चालक को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच रेफर किया गया है। बिहार परिवहन विभाग की टीम बलिदाद बाजार के समीप नियमित वाहन जांच अभियान चला रही थी।

चालान की पर्ची सौंपते वक्त हुआ हादसा

सिपाही मुकेश कुमार सकरकंद लोड एक ट्रक चालक को ओवरलोड चालान की पर्ची सौंप रहे थे, टीम के अन्य सदस्य भी जांच में व्यस्त थे। उसी समय औरंगाबाद की ओर से तेज रफ्तार में आ रहा गिट्टी लदा एक ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे खड़े ट्रक में जोरदार टक्कर मार दिया।

टक्कर इतनी भीषण थी कि खड़ा ट्रक आगे बढ़कर एमवीआई की स्कॉर्पियो गाड़ी से जा टकराया। इसी दौरान सिपाही मुकेश कुमार स्कॉर्पियो और ट्रक के बीच फंस गए, गंभीर रूप से कुचल जाने के कारण उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

हादसे में दूसरे सिपाही गौतम कुमार व टक्कर मारने वाला ट्रक चालक प्रवीण यादव भी जख्मी हो गया। स्कार्पियो में बैठे एमवीआई विपुल कुमार भी चोटिल हो गए। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को सदर अस्पताल भेजा गया।

मृतक सिपाही के बहन की आज शादी है

पुलिस ने दोनों दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर लिया है। हादसे के कारण एनएच पर कुछ देर के लिए आवागमन बाधित हो गया, ट्रकों को हटाने के बाद यातायात सामान्य हुआ। घटना की सूचना पर एसडीओपी कृति कमल मौके पर पहुंची और घटना की छानबीन की। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृत सिपाही मुकेश कुमार की आठ माह पहले ही शादी हुई थी। पत्नी मुन्नी कुमारी भागलपुर परिवहन विभाग में सिपाही के पद पर कार्यरत हैं। स्वजन के अनुसार आज 10 फरवरी को मुकेश कुमार की बहन की शादी है।