Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:सुपौल में अवैध डीजे वाहनों पर सख्ती: मिशन मोड में चल रहा जांच अभियान, कई वाहन जब्त - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Monday, February 23, 2026

BIHAR:सुपौल में अवैध डीजे वाहनों पर सख्ती: मिशन मोड में चल रहा जांच अभियान, कई वाहन जब्त

हेडलाइन:
सुपौल में अवैध डीजे वाहनों पर सख्ती: मिशन मोड में चल रहा जांच अभियान, कई वाहन जब्त

सुपौल
जिले में अवैध और मॉडिफाइड डीजे वाहनों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए विशेष अभियान शुरू किया है। बिहार सरकार के परिवहन विभाग के निर्देश पर जिला परिवहन पदाधिकारी के नेतृत्व में पूरे जिले में मिशन मोड में सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है, जिससे अवैध डीजे वाहन संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है।

परिवहन विभाग की टीम द्वारा जिले के विभिन्न चौक-चौराहों, मुख्य सड़कों और संवेदनशील स्थानों पर लगातार वाहन जांच की जा रही है। इस दौरान बिना अनुमति डीजे सिस्टम से मॉडिफाइड वाहनों, वाहनों में अवैध संरचनात्मक परिवर्तन करने वाले वाहन मालिकों तथा ध्वनि प्रदूषण मानकों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।

अधिकारियों के अनुसार अभियान के दौरान कई अवैध डीजे वाहनों को पकड़ा गया है, जिन पर नियमानुसार जुर्माना लगाया गया है। वहीं गंभीर मामलों में वाहनों को जब्त करने की कार्रवाई भी की गई है। परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि बिना अनुमति वाहन में डीजे सिस्टम लगाना तथा वाहन की संरचना में बदलाव करना मोटर वाहन अधिनियम के तहत दंडनीय अपराध है, जिसके लिए भारी जुर्माना, पंजीकरण रद्द करने और अन्य कानूनी कार्रवाई का प्रावधान है।

जिला परिवहन पदाधिकारी डॉ. संजीव कुमार सज्जन ने बताया कि यह अभियान राज्य सरकार के निर्देश पर चलाया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करना, ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण करना तथा शादी-बारात और अन्य आयोजनों में अवैध डीजे वाहनों से होने वाली अव्यवस्था पर रोक लगाना है।

उन्होंने वाहन मालिकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों में अवैध रूप से डीजे सिस्टम न लगाएं और परिवहन नियमों का पालन करें। साथ ही चेतावनी दी कि आगे भी जिले में यह अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन की लगातार कार्रवाई से जिले में अवैध डीजे वाहन संचालकों के बीच भय का माहौल बना हुआ है।