हेडलाइन:
अररिया कार शोरूम चोरी कांड का खुलासा: दो कार बरामद, एक बदमाश गिरफ्तार 🚔
अररिया, निज संवाददाता। अररिया शहर के महादेव चौक के आगे स्थित टाटा मोटर्स की कोसी कार शोरूम में हुई कार चोरी मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए चोरी गई दो कार बरामद कर ली है। साथ ही गिरोह में शामिल एक बदमाश को गिरफ्तार किया गया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान जोकीहाट थाना क्षेत्र के सिसौना निवासी मो. इरफान के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने गिरोह के अन्य सदस्यों के नामों का भी खुलासा किया है, जिनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
पुलिस ने चोरी गई एक कार को पहले पूर्णिया जिले के डंगरा घाट थाना क्षेत्र से बरामद किया था, जबकि दूसरी कार रविवार रात जलालगढ़ थाना क्षेत्र से बरामद की गई।
बताया जाता है कि बीते मंगलवार देर रात चोरों ने शोरूम का शटर तोड़कर तीन कार चोरी कर ली थी। इनमें से एक पुरानी कार को शोरूम के सामने यादव कॉलेज के पास एनएच सर्विस रोड पर छोड़ दिया गया था।
चोरों ने पहचान छिपाने के लिए शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर और इन्वर्टर भी साथ ले गए थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक स्वयं मौके पर पहुंचे थे और जांच के लिए एसआईटी का गठन किया गया था।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले का जल्द ही पूरी तरह खुलासा किया जाएगा। 🚨