Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:जमीन सर्वे में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, विजय सिन्हा का अल्टीमेटम—डेडलाइन मिस की तो कार्रवाई तय - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Wednesday, February 4, 2026

BIHAR:जमीन सर्वे में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, विजय सिन्हा का अल्टीमेटम—डेडलाइन मिस की तो कार्रवाई तय

बिहार में जमीन सर्वेक्षण के काम को खत्म करने के लिए राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री विजय सिन्हा ने डेडलाइन तय कर दी है। विजय सिन्हा ने वर्षों से लंबित विशेष भूमि सर्वेक्षण को लेकर सख्त रुख अपनाया है।उन्होंने साफ शब्दों में कहा है कि अगले दो वर्षों में हर हाल में विशेष भूमि सर्वेक्षण पूरा किया जाएगा और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही, देरी या गलत रिपोर्टिंग बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

विभागीय कार्यालय कक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान उपमुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि सर्वेक्षण का कार्य पूर्ण पारदर्शिता और तय समय-सीमा के भीतर पूरा हो, ताकि आम जनता को इसका वास्तविक लाभ मिल सके। उन्होंने सभी जिलों से हर स्तर के कार्यों की विस्तृत प्रगति रिपोर्ट शीघ्र उपलब्ध कराने को कहा है।

विजय सिन्हा ने दो टूक कहा कि यह सर्वे महज औपचारिकता नहीं, बल्कि भूमि विवादों के समाधान और व्यवस्था में सुधार का आधार है। जहां भी त्रुटि या अनावश्यक विलंब पाया जाएगा, वहां संबंधित अधिकारियों की सीधी जवाबदेही तय की जाएगी और जरूरत पड़ने पर प्रशासनिक व कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।

डिप्टी सीएम ने आम नागरिकों से अपील की कि यदि सर्वे के दौरान किसी प्रकार की गड़बड़ी या परेशानी हो, तो विभाग में लिखित शिकायत दर्ज करें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि हर शिकायत पर त्वरित सुनवाई और कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में प्रधान सचिव सी.के. अनिल और सचिव जय सिंह ने पुराने कैडेस्ट्रल और रिवीजनल सर्वे की पृष्ठभूमि बताते हुए नए सर्वे के फायदों पर प्रकाश डाला। भू-अभिलेख एवं परिमाप निदेशक सुहर्ष भगत ने बताया कि तकनीकी मार्गदर्शिका के विलंब से शुरुआती चरण प्रभावित हुआ, लेकिन अब सर्वे कार्य गति पकड़ चुका है।