Madhubani Bribery Case: मधुबनी जिले के कलुआही प्रखंड कार्यालय परिसर में निगरानी विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पंचायत तकनीकी सहायक को 12 हजार रुपये घूस लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी शुक्रवार को करीब चार बजे की गई।
जानकारी के अनुसार, कलुआही प्रखंड के पंचायती राज विभाग में कार्यरत तकनीकी सहायक (जेई) हरि रंजन कुमार को रिश्वत लेने की शिकायत पर निगरानी विभाग ने ट्रैप किया था। पटना से आई निगरानी विभाग की नौ सदस्यीय टीम ने डीएसपी मो. वसीम फिरोज के नेतृत्व में कार्रवाई को अंजाम दिया।
टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया और जैसे ही आरोपी ने 12 हजार रुपये की घूस ली, उसे मौके पर ही दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को आवश्यक पूछताछ के लिए अपने साथ ले जाया गया। बताया जा रहा है कि आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए उसे निगरानी कोर्ट, मुजफ्फरपुर में प्रस्तुत किया जाएगा।
इस कार्रवाई से प्रखंड कार्यालय में हड़कंप मच गया। निगरानी विभाग की इस सख्त कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ कड़ा संदेश माना जा रहा है। मामले में आगे की जांच जारी है।