पटना। राष्ट्रीय जनता दल और लालू परिवार से अलग किए गए जनशक्ति जनता दल के प्रमुख तेज प्रताप यादव ने रविवार को बड़ा और सनसनीखेज बयान दिया।
लंबे समय से जिन "जयचंदों" का जिक्र वे करते आ रहे थे, उनके नाम पहली बार सार्वजनिक कर दिए।रविवार देर शाम आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में तेज प्रताप ने आरोप लगाया कि इन लोगों ने उन्हें बदनाम करने और राजनीतिक रूप से बर्बाद करने में कोई कसर नहीं छोड़ी।
उन्होंने कहा कि वे इन जयचंदों को छोड़ेंगे नहीं। सम्राट चौधरी से बात भी हुई है। उन्होंने एक-दो दिनों में बुलाने की बात कही है।
उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ सुनियोजित साजिश रची जा रही है। दरअसल, रविवार दोपहर यह चर्चा तेज हो गई थी कि तेज प्रताप यादव को पुत्री हुई है और अनुष्का यादव ने एक बच्ची को जन्म दिया है।
इस चर्चा के बीच केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने तेज प्रताप और अनुष्का को सार्वजनिक रूप से शुभकामनाएं भी दे दीं। इसी बात को लेकर तेज प्रताप नाराज नजर आए।
रात करीब 8:30 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस कर तेज प्रताप यादव ने इन दावों को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने साफ कहा कि अनुष्का से उन्हें बेटी होने की बात पूरी तरह अफवाह है और अनुष्का से उनका कोई संबंध नहीं है।
तेज प्रताप ने आरोप लगाया कि उनका सोशल मीडिया अकाउंट हैक कर उनकी तस्वीरें वायरल की गईं। उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में उनके साथ जो कुछ भी हुआ और जिन वजहों से उन्हें परिवार से अलग किया गया, उसके पीछे साजिश रचने वाले यही "जयचंद" हैं।
उन्होंने साजिशकर्ताओं के नाम और क्रम भी बताए। कहा नंबर एक: महुआ के पूर्व विधायक मुकेश रौशन, नंबर दो:संजय यादव, नंबर तीन: रमीज , नंबर चार: शक्ति सिंह यादव, नंबर पांच: सुनील सिंह।
बता दें कि संजय यादव राजद के राज्यसभा सांसद, सुनील सिंह विधान पार्षद और शक्ति सिंह यादव प्रवक्ता हैं। जबकि रमीज भी तेजस्वी के बेहद करीबी माने जाते हैं।

(प्रेस कांफ्रेंस करते तेज प्रताप यादव।)
पिता की तरह उन्हें फंसाने की साजिश
तेज प्रताप यादव ने यह भी आरोप लगाया कि जिस तरह उनके पिता लालू प्रसाद यादव को झूठे मुकदमों में फंसाया गया था, उसी तरह उन्हें भी बदनाम करने की कोशिश हो रही है।
उन्होंने कहा कि जो लोग उन्हें बदनाम कर रहे हैं, उनके खिलाफ वे अदालत जाएंगे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मुलाकात करेंगे।
दही-चूड़ा भोज का जिक्र करते हुए तेज प्रताप ने कहा कि उस दिन उनके पिता उन्हें आशीर्वाद देने आए थे, लेकिन यह बात "जयचंदों" को रास नहीं आई। उन्होंने भावुक अंदाज में कहा,"क्या वे चाहते हैं कि मैं बंद कमरे में आत्महत्या कर लूं?"
उन्होंने कहा कि आकाश भाटी कौन है जो गोला रोड में रहता है। यह मुकेश रौशन या सुनील सिंह बताएं।
5 जयचंद
1- मुकेश रौशन
2- संजय यादव
3- रमीज
4- शक्ति सिंह
5- सुनील सिंह
‘अनुष्का यादव का आलोक गुर्जर के साथ रिश्ता’
यही नहीं तेज प्रताप यादव ने अनुष्का यादव का किसी और के साथ रिश्ता होने का खुलासा भी किया. उन्होंने कहा कि अनुष्का यादव का आलोक गुर्जर नाम के शख्स के साथ संबंध है. उन्होंने सवाल किया कि आलोक गुर्जर कौन है और अनुष्का का उसके साथ क्या संबंध है उसे बताना चाहिए, ये वो बताएंगे. उन्होंने कहा कि जो लोग उन्हें बदनाम कर रहे हैं उनके खिलाफ वो कोर्ट जाएंगे और पीएम मोदी से भी मुलाकात करेंगे.