Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:बिहार में 50 हजार रिश्वत लेते डीपीओ गिरफ्तार, घर से 4 लाख बरामद - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Friday, February 20, 2026

BIHAR:बिहार में 50 हजार रिश्वत लेते डीपीओ गिरफ्तार, घर से 4 लाख बरामद

किशनगंज में विशेष निगरानी इकाई ने बड़ी कार्रवाई की. ठाकुरगंज की बाल विकास परियोजना पदाधिकारी अनीता कुमारी को 50 हजार रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया. यह कार्रवाई 20 फरवरी 2026 को लिखित शिकायत के आधार पर की गई. आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कांड संख्या 08/2026 दर्ज किया गया है.

10 लाख रुपए रिश्वत की थी डिमांड

नालंदा जिले के नूरसराय थाना इलाके के जगदीशपुर तियारी निवासी नागेंद्र कुमार ने शिकायत दी थी. शिकायत में यह बताया गया कि डीपीओ उन्हें आरोप पत्र गठित कर निलंबित कराने की धमकी दे रही थीं. शिकायतकर्ता के अनुसार, कार्रवाई से बचाने के नाम पर 10 लाख रुपए रिश्वत की मांग की गई थी.

आवास से 4 लाख रुपए नगद बरामद

शिकायत की पुष्टि के बाद विशेष निगरानी इकाई ने जाल बिछाया और 50 हजार रुपए लेते हुए अनीता कुमारी को पकड़ लिया. गिरफ्तारी के बाद उनके आवास की तलाशी ली गई, जहां से 4 लाख रुपए नकद बरामद किए गए. विशेष निगरानी इकाई के अपर पुलिस महानिदेशक पंकज कुमार दाराद ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले में आगे की कार्रवाई जारी है. आरोपी को कल (शनिवार) निगरानी न्यायालय, पटना में पेश किया जाएगा.

विभाग के अन्य कर्मियों के बीच चर्चा तेज

इस घटना के बाद आईसीडीएस विभाग में काम करने वाले कर्मियों और जिले के अन्य अधिकारियों के बीच चर्चा का माहौल है. आम लोगों का कहना है कि इस कार्रवाई से भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी और सरकारी योजनाओं का लाभ सही लोगों तक पहुंच सकेगा. निगरानी विभाग के अधिकारियों ने ज्यादा कुछ नहीं बताया सिर्फ इतना कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा.