सहरसा में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई: 391 बोतल प्रतिबंधित कोरेक्स सिरप बरामद, दो कांड दर्ज
सहरसा। जिले में नशीली दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग गांवों में छापेमारी कर कुल 391 बोतल प्रतिबंधित कोरेक्स सिरप बरामद की। मामले की जानकारी देते हुए साइबर डीएसपी अजीत कुमार ने बताया कि नशा तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
राजनपुर बाजार में कचरे से मिली 256 बोतल
पहली कार्रवाई राजनपुर बाजार गांव में की गई। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि गली में कचरे के ढेर के अंदर बड़ी मात्रा में कोरेक्स सिरप छिपाकर रखा गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित छापेमारी की। तलाशी के दौरान कचरे के ढेर से 256 बोतल कोरेक्स सिरप बरामद की गई।
इस मामले में अज्ञात तस्करों के खिलाफ थाना कांड संख्या 44/25 दर्ज कर उनकी पहचान और गिरफ्तारी की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
बलुआहा गांव में घर से 135 बोतल बरामद
दूसरी कार्रवाई बलुआहा गांव में की गई। पुलिस ने विजेंद्र रजक के घर पर छापा मारा, जहां तलाशी के दौरान 135 बोतल कोरेक्स सिरप बरामद हुई। हालांकि पुलिस के पहुंचने की भनक लगते ही आरोपी विजेंद्र रजक मौके से फरार हो गया।
इस संबंध में थाना कांड संख्या 45/25 दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।
अभियान रहेगा जारी
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिले में नशा तस्करों के खिलाफ सख्त अभियान जारी रहेगा। फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कानून के हवाले किया जाएगा।