हेडलाइन:
घटिया खाना भेजना पड़ा महंगा: जज की शिकायत पर सहरसा के मैजिक मोमो मैजिक कैफे से लिए गए सैंपल, जांच के लिए पटना भेजे गए
पूरी खबर:
सहरसा नगर निगम क्षेत्र के मुख्य बाजार डीबी रोड स्थित जिला परिषद कॉम्प्लेक्स में संचालित मैजिक मोमो मैजिक कैफे को घटिया भोजन भेजना महंगा पड़ गया। जानकारी के अनुसार, एक न्यायाधीश ने अपने आवास के लिए ऑनलाइन माध्यम से उक्त कैफे से भोजन ऑर्डर किया था।
भोजन की गुणवत्ता खराब पाए जाने पर न्यायाधीश ने इसकी शिकायत होटल संचालक से की, लेकिन होटल मालिक ने मामले को गंभीरता से लेने के बजाय भोजन को सही ठहराने का प्रयास किया। इस पर नाराज न्यायाधीश ने तत्काल फूड एंड सेफ्टी विभाग को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही फूड एंड सेफ्टी विभाग की टीम मौके पर पहुंची और होटल में तैयार किए गए भोजन का सैंपल लिया। इसके साथ ही न्यायाधीश के आवास भेजे गए भोजन का भी सैंपल उठाया गया। दोनों सैंपलों को विस्तृत और वैज्ञानिक जांच के लिए पटना स्थित प्रयोगशाला भेज दिया गया है।
फूड एंड सेफ्टी विभाग के अधिकारी अशोक कुमार सिन्हा ने बताया कि मैजिक मोमो मैजिक कैफे में बनाए गए भोजन के साथ-साथ डिलीवर किए गए भोजन के सैंपल लिए गए हैं। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई के बाद शहर के होटल और रेस्टोरेंट संचालकों में हड़कंप मच गया है। फूड एंड सेफ्टी विभाग ने स्पष्ट किया है कि खाद्य गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।