मधेपुरा/संवाद सूत्र :- घैलाढ़
घैलाढ़ प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत कन्या मध्य विद्यालय श्रीनगर के परिसर में आज एक प्रेरणादायक दृश्य देखने को मिला, जब समाजसेवी उमाशंकर यादव ने अपने जन्मदिन के अवसर पर वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस मौके पर विद्यालय परिसर में कई छायादार एवं फलदार पौधे लगाए गए, जिससे विद्यालय का वातावरण और अधिक स्वच्छ एवं हराभरा हो सके।
कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षक सत्यम कुमार, महेश्वर मंडल, सतन कुमार एवं ललटू कुमार ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्य समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत बनते हैं। शिक्षकों ने कहा कि आज के समय में जब पर्यावरण असंतुलन एक गंभीर समस्या बन चुकी है, ऐसे प्रयास अत्यंत आवश्यक हैं। विद्यालय के बच्चों के सामने इस तरह का उदाहरण प्रस्तुत कर उनमें भी प्रकृति के प्रति प्रेम और जिम्मेदारी की भावना विकसित की जा सकती है। समाजसेवी विनीत कुमार कहा कि “वृक्ष जीवन का आधार हैं। जन्मदिन जैसे विशेष अवसर पर पौधारोपण कर समाजसेवी उमाशंकर यादव ने यह संदेश दिया है कि उत्सव केवल केक काटने तक सीमित न रहकर समाज और प्रकृति के हित में भी मनाया जाना चाहिए।” उन्होंने अपील की कि हर व्यक्ति अपने जीवन के खास दिनों पर कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए और उसकी देखभाल का संकल्प ले। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने लगाए गए पौधों की नियमित सिंचाई और संरक्षण का संकल्प लिया। यह पहल निश्चित रूप से क्षेत्र में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे l