Kosi Live-कोशी लाइव MADHEPURA:महिलाओं पर बढ़ते अत्याचार के खिलाफ राजद महिला प्रकोष्ठ का आक्रोश मार्च, मधेपुरा में CM नीतीश और PM मोदी का पुतला दहन - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Thursday, January 22, 2026

MADHEPURA:महिलाओं पर बढ़ते अत्याचार के खिलाफ राजद महिला प्रकोष्ठ का आक्रोश मार्च, मधेपुरा में CM नीतीश और PM मोदी का पुतला दहन

हेडलाइन:
महिलाओं पर बढ़ते अत्याचार के खिलाफ राजद महिला प्रकोष्ठ का आक्रोश मार्च, मधेपुरा में सीएम नीतीश और पीएम मोदी का पुतला दहन

ब्यूरो रिपोर्ट : रामानंद कुमार, मधेपुरा

मधेपुरा।
पटना सहित बिहार के विभिन्न जिलों में महिलाओं के साथ हो रहे अत्याचार, व्यभिचार, बलात्कार और हत्याओं की घटनाओं के विरोध में बिहार प्रदेश राष्ट्रीय जनता दल (राजद) महिला प्रकोष्ठ की ओर से बुधवार को मधेपुरा में आक्रोश मार्च निकाला गया। आक्रोश मार्च के दौरान भूपेंद्र चौक पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन किया गया।

इस आक्रोश मार्च का नेतृत्व राजद महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश उपाध्यक्ष कुमारी विनीता भारती ने किया। मार्च में बड़ी संख्या में महिलाएं, छात्राएं और युवा शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने राज्य सरकार और शासन-प्रशासन पर महिलाओं के प्रति असंवेदनशील होने और अपराधियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया।

इस मौके पर कुमारी विनीता भारती ने कहा कि बिहार में जिस तरह से सरकार काम कर रही है, उससे यह साफ हो गया है कि राज्य में, खासकर पटना में महिलाएं, छात्राएं और लड़कियां सुरक्षित नहीं हैं। सत्ता के संरक्षण में पुलिस की मिलीभगत से महिलाओं के साथ अपराध करने वाले आरोपियों को बचाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पटना में छात्रावासों की आड़ में सेक्स रैकेट चल रहे हैं, जिससे अभिभावक अपनी बेटियों को पटना से बाहर निकालने को मजबूर हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार सिर्फ “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” के नारे लगाती है, जबकि हकीकत में न तो बेटियों की पढ़ाई को लेकर गंभीर है और न ही उनकी सुरक्षा को लेकर।

छात्र नेता एन.के. निराला ने कहा कि नीतीश सरकार को महिलाओं के साथ हो रहे अत्याचारों पर जवाब देना चाहिए। लगातार मां-बहनों की अस्मिता से खेलवाड़ किया जा रहा है, जो बेहद दुखद और शर्मनाक है।

पुतला दहन कार्यक्रम में रंजू देवी, वेबी देवी, रूबी कुमारी, लवली कुमारी, असीमा प्रवीण, मो. अज़हर, नीतीश कुमार, राजेश कुमार, फंतुस यादव, प्रशांत प्रभाकर, नितेश कुमार, अभिमन्यु कुमार, आदित्य कुमार, प्रेम प्रकाश सहित सैकड़ों महिलाएं, छात्र और युवा मौजूद रहे।

प्रदर्शनकारियों ने सरकार से महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और अपराध पर तुरंत लगाम लगाने की मांग की।