छपरा। सारण जिले के रिविलगंज थाना क्षेत्र के नयका टोला से गांजा की तस्करी करने वाले देवर-भाभी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनके पास से पुलिस ने कुल 33.80 किलोग्राम गांजा बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार दोनों नेपाल से गांजा लाकर रिविलगंज क्षेत्र में बेचते थे। बरामद गांजे की बाजार कीमत करीब 15 लाख रुपये आंकी गई है।
एसएसपी के निर्देशन में चला विशेष अभियान:
पुलिस उपमहानिरीक्षक-सह-वरीय पुलिस अधीक्षक डा. कुमार आशीष के निर्देशन में सारण पुलिस द्वारा जिले में अवैध मादक पदार्थ के सेवन, निर्माण, बिक्री, भंडारण और तस्करी के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत पांच जनवरी को पुलिस को यह बड़ी सफलता मिली।
गुप्त सूचना पर रिविलगंज में छापा:
रिविलगंज थाना को गुप्त सूचना मिली कि नयका टोला में जयप्रकाश उर्फ पप्पू, (पिता-स्व. शंभू प्रसाद) एवं इनकी भाभी परमिला देवी अपने घर में गांजा रखकर उसका अवैध क्रय-विक्रय कर रहे हैं। सूचना मिलते ही जिले की नशा विनाशक टीम और रिविलगंज थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से त्वरित कार्रवाई की।
घर से गांजा बरामद, देवर-भाभी गिरफ्तार:
छापेमारी के दौरान जयप्रकाश उर्फ पप्पू के घर से 6.800 किलोग्राम गांजा तथा परमिला देवी के घर से 22.300 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। मौके से जयप्रकाश उर्फ पप्पू को गिरफ्तार कर लिया गया। बाद में फरार महिला आरोपी परमिला देवी को भी विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया। इस संबंध में रिविलगंज थाना कांड संख्या 10/26 दर्ज किया गया है।
नेपाल कनेक्शन का हुआ खुलासा:
एएसपी राम पुकार सिंह ने बताया कि गिरफ्तार जयप्रकाश उर्फ पप्पु एवं उनकी भाभी परमिला देवी नेपाल के सिर्सिया गांव से गांजा लाकर रिविलगंज और आसपास के इलाकों में बेचते थे। लंबे समय से दोनों तस्करी के धंधे में सक्रिय थे।
भेल्दी में भी तस्कर पर शिकंजा:
इसी दिन भेल्दी थाना को गुप्त सूचना मिली कि थाना क्षेत्र के पचरुखी गांव निवासी स्व.सीताराम सिंह के पुत्र में विरेश सिंह अपने दलान में गांजा का अवैध कारोबार कर रहा है। सूचना पर भेल्दी थाना पुलिस ने छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान दलान में खड़ी मोटरसाइकिल की डिक्की से 4.70 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।
इस मामले में भेल्दी थाना कांड संख्या 08/20 दर्ज कर अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया है। इस मौके पर छपरा सदर के सर्किल इंस्पेक्टर किरण शंकर,रिविलगंज थानाध्यक्ष राकेश कुमार आदि उपस्थित थे।