सहरसा ज्वाइन करने आ रहे बिहार पुलिस के सब-इंस्पेक्टर अभिरंजन कुमार का रास्ते में निधन
सहरसा/सुपौल।
बिहार पुलिस के सब-इंस्पेक्टर अभिरंजन कुमार का शुक्रवार को निधन हो गया। वे भोजपुर जिले से स्थानांतरण के बाद सहरसा पुलिस लाइन में योगदान देने आ रहे थे। इसी दौरान सुपौल जिले में उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। उन्हें तत्काल एक निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान सहरसा जिले के पतरघट थाना क्षेत्र अंतर्गत लक्ष्मीपुर गांव निवासी 58 वर्षीय अभिरंजन कुमार के रूप में हुई है। वे बिहार पुलिस विभाग में सब-इंस्पेक्टर के पद पर कार्यरत थे और 31 दिसंबर तक भोजपुर जिले की आर पुलिस लाइन में पदस्थापित थे। हाल ही में उनका तबादला सहरसा किया गया था।
पटना में डायलिसिस के बाद जा रहे थे ड्यूटी पर
मृतक के बड़े पुत्र बसंत कुमार ने बताया कि उनके पिता की किडनी खराब थी और वे पटना में नियमित डायलिसिस करा रहे थे। डायलिसिस के बाद ही वे सहरसा पुलिस लाइन में योगदान देने के लिए निकले थे। रास्ते में अचानक तबीयत बिगड़ने से उनकी मृत्यु हो गई।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
अभिरंजन कुमार चार भाइयों में सबसे छोटे थे और उनके तीन पुत्र हैं। उनकी आय पर ही पूरे परिवार का भरण-पोषण निर्भर था। उनके निधन से परिवार में कोहराम मच गया है और गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
पोस्टमार्टम के बाद होगा मौत के कारणों का खुलासा
सहरसा सदर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। सहरसा सदर थाना के सब-इंस्पेक्टर सनी कुमार ने मौत की पुष्टि करते हुए बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु का स्पष्ट कारण सामने आ सकेगा।
इस दुखद घटना से पुलिस विभाग और क्षेत्र के लोगों में शोक की भावना व्याप्त है।