Kosi Live-कोशी लाइव Bihar News:टोल फ्री नंबर के व्यस्त रहने पर कॉल सेंटर पहुंचे मंत्री विजय सिन्हा, अधिकारियों को लगाई फटकार - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Thursday, January 22, 2026

Bihar News:टोल फ्री नंबर के व्यस्त रहने पर कॉल सेंटर पहुंचे मंत्री विजय सिन्हा, अधिकारियों को लगाई फटकार

डिप्टी CM सह भूमि सुधार एवं राजस्व मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने सगुना मोड़ स्थित CSC रीजनल सेंटर का औचक निरीक्षण किया। टोल फ्री नंबर 18003456215 पर कॉल नहीं लगने की शिकायत सही पाई गई। नाराज उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को फटकार लगाई और सिस्टम

बिहार के उपमुख्यमंत्री सह राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने विभागीय टोल फ्री नंबर पर लगातार व्यस्त रहने की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों की जवाबदेही तय की है। आम लोगों की समस्याएं सुनने के लिए जारी टोल फ्री सेवा के प्रभावी न होने पर उन्होंने नाराजगी जताई।

गुरुवार को उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा अचानक राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के कॉल सेंटर कार्यालय पहुंचे। उनके अचानक पहुंचने से अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों से सवाल किया कि जब टोल फ्री नंबर ही सही से काम नहीं कर रहा है तो इसका लाभ आम जनता को कैसे मिलेगा।

मंत्री ने कहा कि टोल फ्री नंबर का उद्देश्य जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है, लेकिन जब कॉल ही नहीं लग पा रही है तो शिकायतें कैसे दर्ज होंगी। उन्होंने इसे प्रशासनिक लापरवाही बताते हुए अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई।

विजय सिन्हा ने जनसमस्याओं के समयबद्ध और नियमसम्मत निवारण को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। उन्होंने बताया कि पिछले कई दिनों से कॉल सेंटर से जुड़ी शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद उन्होंने औचक निरीक्षण कर व्यवस्था का जायजा लिया।

उपमुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि तकनीकी खामियों को तुरंत दूर किया जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि कॉल सेंटर 24 घंटे प्रभावी रूप से कार्य करे। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में इस तरह की शिकायतें दोबारा सामने आईं तो जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इस दौरान मंत्री ने कॉल सेंटर की कार्यप्रणाली, तकनीकी व्यवस्था और कर्मचारियों की जिम्मेदारियों की भी जानकारी ली।